हल्द्वानीः यूथ कांग्रेस ने फूंका सीएम का पुतला, सरकार के कार्यकाल को बताया निराशाजनक
हल्द्वानी, अमृत विचार। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्तमान भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल को निराशाजनक बताते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंका। कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
शुक्रवार को यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुद्धपार्क में एकत्र हुए। जहां उन्होंने सरकार के एक साल के कार्यकाल का जश्न मनाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी। साहू ने कहा कि अंकिता हत्याकांड, पेपर लीक, भर्ती घोटाले और युवाओं पर लाठीचार्ज हो रहे हैं और सरकार जश्न मना रही है। सिलेंडर सस्ता करने के बजाए शराब को सस्ता कर नशे को बढ़ावा दे रही है।
विधानसभा अध्यक्ष मोकिन सैफी, युवा नेता मोनू चौहान ने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गयी है। जनता समस्याओं से जूझ रही है और सरकार जश्न में डूबी है। जनता की समस्याओं से सरकार को कोई सरोकार नहीं है। आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखायेगी। पुतला दहन करने वालो में सचिन राठौर, गिरीश पांडे, राजू रावत, संदीप भैसोड़ा, राजेन्द्र बिष्ट, मयंक गोस्वामी, खलील वारसी, सुहैल सीड, हाजी नाजिम, जावेद मलिक, मोनू चौहान, आशु गोदियाल, विकास यादव, मोहित वाल्मीकि, आदति वाल्मीकि, मैकल भारती, करन शर्मा शामिल थे।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुरः हल्द्वानी में तैनात राज्य कर अधिकारी की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने पर फूंका केंद्र का पुतला
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान पूर्व प्रदेश महासचिव प्रदीप नेगी ने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी संसद में देश के बेरोजगारों, गरीबों, मजदूरों और किसानों की आवाज उठाने का काम कर रहे, उससे केंद्र की भाजपा सरकार बौखला गई है। सरकार पूरी तरह हिटलरशाह हो गई है।
जनता के चुने हुए प्रतिनिधि की इस तरह सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र की हत्या है। राहुल गांधी ने कैंब्रिज में लोकतंत्र के बारे में जो बोला था, वो आज सच साबित हो गया है। पुतला फूंकने वालों में विधानसभा उपाध्यक्ष रितिक आर्य, आलोक शर्मा, बालम बिष्ट, मयंक आर्य, अमरजीत, मोनू आर्य, नितिन आर्य, हिमांशु, यश चिलवाल, भूपेन्द्र बिनोली, हिमांशु आर्य, हर्षित आर्य, प्रियांशु आर्य, निर्मल सिंह बिष्ट, राजेंद्र कश्यप, सुमित कुमार शामिल थे।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानीः 'विश्व क्षय रोग दिवस' ट्यूबरक्लोसिस से बचाव की सुविधाएं, फिर भी खतरा ज्यादा
