ऋषिकेशः विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़, पत्थरों से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Shobhit Singh
On

ऋषिकेश, अमृत विचार। ऋषिकेश में भूतनाथ मंदिर के पास सहारनपुर के रहने वाले एक युवक ने विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी, छेड़छाड़ का विदेशी महिला ने विरोध किया, जिसके बाद आरोपी युवक ने रूसी महिला के ऊपर पत्थर से हमला कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लक्ष्मणझूला थाना पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को भूतनाथ मंदिर के पास से रूस निवासी एक महिला पर्यटक गुजर रही थी। एक युवक महिला पर्यटक से पहले बातचीत कर दोस्ती करने का प्रयास करने लगा। महिला पर्यटक युवक को नजर अंदाज कर मौके से निकलने लगी। लेकिन युवक ने उसका रास्ता रोक लिया।

वहीं, युवक महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ पर उतारू हो गया। महिला पर्यटक के विरोध करने पर युवक उस पर पत्थर मारने लगा, जिससे वह घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर युवक घने जंगल की ओर भाग गया। 

मौके पर मौजूद लोग विदेशी महिला पर्यटक को उपचार के लिए लक्ष्मणझूला राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां उपचार के बाद महिला को डिस्चार्ज कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी विनोद सिंह गुसाई ने पुलिस टीम के साथ आरोपी की खोजबीन के लिए अभियान चलाया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवक भूतनाथ मंदिर के रास्ते के पास से जंगल में भागता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस ने जंगल में झाड़ियों में छिपे युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक ने अपना नाम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नकुड़ तहसील के तीतरो कस्बा निवासी अनुज बताया। 

थाना प्रभारी विनोद सिंह गुसाई ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लज्जा भंग करने और हत्या से प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बदलते मौसम से तापमान गिरा, धरासू बैंड के पास मलवा गिरा, आवागमन बाधित

संबंधित समाचार