प्री-एसआईआर: 75 प्रतिशत मतदाता मैपिंग पूरी, बाकी के लिए लगेंगे शिविर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्री-एसआईआर के तहत जारी मतदाताओं की मैपिंग का तेजी से चल रहा है। प्रशासन का दावा है कि 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में 75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का काम पूरा हो चुका है। इस मैपिंग से जो बच गए हैं, उनके लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने केंद्रवार शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी के मुताबिक, वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूचियों से मिलान (मैपिंग) का काम चल रहा है। अब तक औसतन 75 प्रतिशत मैपिंग का काम पूरा हो चुका है। जो मतदाता इस प्रक्रिया में छूट गए हैं, उनकी सुविधा के लिए निर्वाचन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर/नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ने मतदान केंद्रवार शिविरों का रोस्टर जारी किया गया है। निर्धारित तिथियों और समय पर अलग-अलग मतदान केंद्रों पर ये कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।

सभी बीएलओ और सुपरवाइजर्स को पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राजनीतिक दलों से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट और क्षेत्रीय पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों का प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया है। बूथ स्तर पर गठित मतदाता जागरूकता समूह को भी सक्रिय किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि शिविरों में हो रहे मैपिंग की जांच और निगरानी के लिए सहायक नगर आयुक्त, नायब तहसीलदार और तहसीलदार हल्द्वानी को अलग-अलग केंद्र आवंटित किए गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी खुद भी मैपिंग की समीक्षा और निगरानी करेंगे। नगर मजिस्ट्रेट मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर मैपिंग प्रक्रिया पूरी कराएं। साथ ही उन्होंने यह भी निवेदन किया है कि जब भी बीएलओ घर पर सत्यापन के लिए आएं, तो उनका सहयोग करें। मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम खोजने के लिए https://election.uk.gov.in/search2003uk लिंक का उपयोग कर सकते हैं।

 

संबंधित समाचार