अयोध्या: जिले में बनने थे 365 अमृत सरोवर, बने सिर्फ 220, 145 अधूरे पड़े
11 ब्लाकों की पंचायतों में वर्ष 2022-23 में हुआ था चयन, एक से लेकर नौ एकड़ तक की भूमि पर बनाए जाने थे सरोवर
अयोध्या, अमृत विचार। एक ओर जहां फिर से हर गांवों में दो - दो अमृत सरोवर निर्माण के आदेश आए हैं वहीं अभी तक पुराने ही अधूरे पड़े हैं। ग्राम्य विकास आयुक्त के निर्देश पर नए सरोवर आईडी जेनरेट किए जाने का काम भी शुरू हो गया है। इस जद्दोजहद में अधूरे अमृत सरोवरों का पुरसाहाल लेने वाला कोई नहीं है। ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों के जिम्मेदारों की बात छोड़ दीजिए अब मनरेगा के जिम्मेदारों ने भी अमृत सरोवरों से किनारा कर लिया है।
वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिले में करीब 365 अमृत सरोवर बनवाए जाने थे। इसमें से एक एकड़ से लेकर नौ एकड़ तक के बड़े अमृत सरोवर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया था। मंशा थी गांव में ऐसा सुरम्य स्थल होगा जहां हरियाली होगी, जल संरक्षण होगा, टहलने के लिए वॉकिंग पाथ बनाया जाएगा, बैठने के लिए बेंच होंगी पर तालाबों की खोदाई के अलावा वहां पर कुछ न हो सका।
ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों व अन्य कार्य प्रभारियों ने मजदूरों के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए और अब अमृत सरोवरों से किनारा कर लिया है। बीते वित्तीय वर्ष में 11 विकास खंडों में 365 तालाब बनाने का लक्ष्य रखा गया था। लगभग 220 पर ही काम पूरा हो सका है। शेष 145 तालाब अधूरे हैं। जिसके चलते अमृत सरोवर को लेकर सरकार की मंशा को पूरी तरह से ग्रहण लग गया है।
मवई संवाददाता के अनुसार ब्लॉक में भी एक साथ 24 गांवों में ये अभियान शुरू हुआ। जिसमें 6 का कार्य लगभग पूरा हो गया।9 तालाबों में कच्चा कार्य पूरा है।शेष की अब खोदाई शुरू हुई है। रूदौली ब्लाक में अभी 22 अमृत सरोवर निर्माणाधीन है। 9 कार्य पूरे हो चुके है वही 8 अमृत सरोवरों में कच्चा कार्य पूरा हो चुका है। यही हाल लगभग सभी ब्लाकों का है।
सभी अमृत सरोवरों का निर्माण प्रगति पर है। बरसात के कारण कुछ दिन बाधित रहा। जो अधूरे हैं शीघ्र काम करा लिया जायेगा। सौन्दर्यीकरण में समय लगेगा ...दमन प्रीति अरोड़ा, जिला पंचायत राज अधिकारी, अयोध्या।
