UP Nikay Chunav : नगर पालिका अध्यक्ष पद अब सामान्य वर्ग के लिए 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अमृत विचार, चित्रकूट। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद नगर पालिका और तीनों नगर पंचायतों के अध्यक्षों के आरक्षण की अनंतिम सूची जारी कर दी गई। प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग अनुभाग ने आरक्षित सीटों का आवंटन करने के लिए आपत्तियां प्राप्त करने की दृष्टि से सूची का प्रकाशन कर दिया है। इसको लेकर 6 अप्रैल तक आपत्तियां मांगी गई हैं। 

शासन के विशेष सचिव  उदयभानु त्रिपाठी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अनंतिम सूची में चित्रकूट धाम  कर्वी  नगर पालिका, राजापुर नगर पंचायत व नवसृजित मऊ नगर पंचायत के अध्यक्ष पदों को  अनारक्षित रखा गया है। इसके अलावा मानिकपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद को अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया है। 

सचिव ने बताया कि प्रकाशित आरक्षण को लेकर कोई आपत्ति होने पर 6 अप्रैल तक प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग को  सम्बोधित  लिखित रूप से या डाक के माध्यम से आपत्तियां भेजी जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में पांच दिसंबर 22 को नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के सम्बन्ध में निर्गत की गई अनंतिम अधिसूचना को निरस्त कर दिया गया है। 

गौरतलब है कि पूर्व में जारी आरक्षण सूची में नगर पालिका कर्वी की सीट पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित की गई थी। इसके अलावा मानिकपुर और राजापुर नगर पंचायत की सीटों को अनुसूचित जाति महिला और मऊ की सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी। जिले की एक भी सीट के अनारक्षित न होने से तब कई लोगों ने सवाल भी खड़े किए थे। गुरुवार को नए सिरे से आरक्षण के लिए अनंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद एक बार फिर नपा और नगर पंचायत चुनाव की हलचल शुरू हो गई है।

ये भी पढ़ें - प्रयागराज: अवैध मीट की दुकानों के खिलाफ दाखिल याचिका पर केंद्र व राज्य से जवाब तलब

 

संबंधित समाचार