कर्नाटक विधानसभा चुनाव, भाजपा की होगी सत्ता में वापसी: राजीव चंद्रशेखर

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

बेंगलुरु। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को दावा किया कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘‘सत्ता-समर्थक लहर’’ का लाभ मिलेगा और 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में उसकी सत्ता में वापसी होगी। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस के ‘‘40 प्रतिशत कमीशन सरकार’’ वाले प्रचार अभियान को ‘‘विपक्षी दल के भ्रष्टाचार तथा कर्नाटक के दोहन के लंबे इतिहास से बचने का झूठा विमर्श’’ करार दिया।

ये भी पढ़ें - BBC वृत्तचित्र के प्रदर्शन मामला, कोर्ट में NSUI नेता की याचिका का DU ने किया विरोध

कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह सत्ता-समर्थक चुनाव है जहां कर्नाटक के बाढ़ के इतिहास और दो साल के कोविड के सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण समय में भाजपा की दोहरे इंजन की सरकार की सेवा का रिपोर्ट कार्ड राज्य की जनता जानती है।’’

चुनाव में ‘मोदी फैक्टर’ के प्रभाव पर उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के सबसे अधिक विश्वसनीय और प्रिय नेता हैं तथा उन्होंने उन सभी राज्यों में राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है जहां भाजपा की सरकार है... सभी के लिए विकास एवं सुशासन की राजनीति है।’’ चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के शासन में कर्नाटक के लोग कोविड-19 के बहुत चुनौतीपूर्ण समय में सुरक्षित रहे और कर्नाटक में निवेश एवं नौकरियों तथा सभी के लिए अवसरों का बहुत चुनौतीपूर्ण समय शुरू हो गया है।

‘नए भारत’ की उनकी सोच में ‘नव कर्नाटक’ और युवा कन्नडिगा की बड़ी भूमिका है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘‘अपने प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार और सगे-संबंधियों, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और पूर्व मंत्री के जे जॉर्ज तथा उनके घनिष्ठों एवं ठेकेदारों के निजी व्यावसायिक हितों और राहुल गांधी के अपने परिवार के हितों का समूह है जिन्होंने एक राजनीतिक दल का रूप ले रखा है।’’

चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) अपने सहयोगी दल द्रमुक जैसे अन्य वंशवादी दलों से अलग नहीं हैं। हकीकत यह है कि शिवकुमार, सिद्धरमैया और राहुल गांधी कांग्रेस के भ्रष्टाचार और दोहन के पोस्टर ब्वॉय हैं।’’ कुछ वरिष्ठ नेताओं के टिकट नहीं मिलने पर भाजपा छोड़ने के बारे में चंद्रशेखर ने कहा कि स्वाभाविक है कि कुछ पुराने नेताओं को राज्य और पार्टी के भविष्य के हित में युवा पीढ़ी के लिए जगह बनानी होगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर जैसे कुछ नेताओं ने साबित कर दिया है कि राज्य के भविष्य से ज्यादा महत्वपूर्ण उनकी महत्वाकांक्षा है और उन्होंने अपनी विचारधारा छोड़कर कांग्रेस में जाना उचित समझा। चंद्रशेखर ने दावा किया कि शेट्टर और पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी अपने अब तक के सम्मानित राजनीतिक करियर को निश्चित रूप से अपमानजनक अंत देंगे। शेट्टर और सावदी भाजपा की ओर से टिकट नहीं मिलने पर पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

ये भी पढ़ें - श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई : एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी

संबंधित समाचार