निकाय चुनाव : रुदौली में त्रिकोणीय मुकाबला तो कामाख्या में भाजपा की अग्निपरीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। आदर्श नगर पालिका परिषद रूदौली में त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। सपा के जब्बर अली, भाजपा से राजेश गुप्ता व बसपा से शरीक अहमद के बीच मुख्य टक्कर होने के आसार लगाए जा रहे हैं।

पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी रुश्दी मिंया के करीबी बसपा उम्मीदवार शरीक अहमद के आने से सपा के उम्मीदवार जब्बार अली की राह आसान नजर नहीं आ रही है। वहीं सपा से टिकट मांग रहे अधिवक्ता विनोद कुमार लोधी के बागी हो मैदान में आने से सपा सहित भाजपा को भी झटका लग सकता है। भाजपा की बात करे तो पार्टी से टिकट मांग रहे पूर्व चेयरमैन अशोक कसौंधन टिकट कटने से खासे नाराज हैं। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार राजेश गुप्ता की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। सीमा विस्तार के वार्डो की बात करें तो सपा से नाराज निर्दल उम्मीदवार विनोद कुमार लोधी वोटरों पर काफी प्रभाव डाल सकते हैं। हालांकि अभी तस्वीर साफ नहीं हो सकती जब तक पर्चा वापसी न हो जाए। बड़े दलों से टिकट मांग रहे लोगों की नाराजगी के चलते समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। ऐसे में त्रिकोणीय चुनाव होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कामाख्या धाम में भी घमासान के आसार

नवसृजित कामाख्या धाम नगर पंचायत की बात करें तो भाजपा से उम्मीदवार शीतला प्रसाद शुक्ल हैं। उनकी यहां सपा और बसपा दोनों दलों के प्रत्याशी से टक्कर है। यहां सैदपुर जैसी बड़ी पंचायत है जहां से सपा, भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवार आते हैं। सपा के अनित शुक्ला जनता में अच्छी पैठ बना रखे हैं तो वही तीन बार के ग्राम प्रधान दिनेश पांडेय कांग्रेस उम्मीदवार है। वहीं सपा के लिए सिरदर्द बने निर्दलीय उम्मीदवार दिग्गज मुस्लिम नेता मुन्ना खां भी असर डाल सकते हैं। बसपा से पुराने नेता जगदीश सिंह भी चुनाव रण में मजबूत माने जा रहे हैं। बता दें कि नवगठित नगर पंचायत कामख्या धाम भाजपा के लिए अहम सीट मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : विश्वविद्यालयों में प्लेसमेंट सेल हुए सक्रिय

संबंधित समाचार