बरेली: नामित पार्षद भाजपा के कितने काम के होंगे तय करेगा परिणाम
भाजपा ने 10 सदस्य किए थे नामित
बरेली, अमृत विचार : नगर निगम चुनाव के बाद भाजपा ने अपना जनाधार बढ़ाने के लिए कोरोना के दो साल गुजरने के बाद 10 सदस्य नामित किये। उसका लाभ कितना मिल पाएगा, यह परिणाम बताएगा। कई पूर्व पार्षदों का मानना है कि नामित सदस्यों पर जनता का कोई दबाव नहीं रहता है। फिर भी वे सक्रिय कम रहते हैं। जिन वार्डाें में भाजपा हारी थी, वहां यदि रिजल्ट बेहतर रहता तभी इन नामित सदस्यों की सार्थकता सिद्ध हो सकती है।
शासन ने शहर के 10 लोगों को निर्दिष्ट सदस्य नामित किया था। इनमें से कुछ तो अपने पहुंच के बल पर खुद को सदस्य नामित करा लाए लेकिन उन्होंने पार्टी के लिए सक्रियता नहीं दिखाई। नामित सदस्यों को दिन दोपहर रात किसी समय जनता की सेवा में तत्पर रहना होता है लेकिन नामित सदस्यों में कुछ ऐसे भी हैं जो शाम को केवल अपने पेशे में ही लगे रहे।
हालांकि आवास और प्रतिष्ठान में भाजपा की नाम पट्टिका जरूर लगा रखी है। नामित पार्षद राधे गुर्जर बताते हैं कि उन्होंने छोटी विहार में भाजपा पार्षद के रहते हुए तुला शेरपुर में 14 गलियां बनवाईं। निर्वाचित पार्षद क्षेत्र में जाते नहीं थे। जनता परेशान थी। वार्ड- 3, 10, 65 में भी कई कार्य कराए। नामित सदस्य डाॅ. विजय वाल्मिकी ने बताया कि उन्होंने वाल्मिकी बस्तियों में निगम से काफी कार्य कराए।
स्ट्रीट लाइट और सड़कें बनवाईं। वार्ड 29, 34 में कई कार्य कराए। इसका लाभ भाजपा को मिलना तय है। इस तरह के दावे कई नामित सदस्यों ने किये हैं। कल आने वाले परिणाम में इसका भी खुलासा हो जाएगा कि शासन का सदस्य नामित करना कितना लाभप्रद होता है।
ये भी पढ़ें - बरेली: किसके सिर सजेगा ताज, फैसला होगा आज
