Bareilly: ऑनलाइन मोबाइल डिलीवर करने वाली कंपनी को लगाई 23 लाख की चपत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। ऑनलाइन मोबाइल डिलीवर करने वाली कंपनी को जालसाजों ने 23 लाख रुपये की चपत लगा दी। नए मोबाइल के बदले में लिए जाने वाले ओरिजनल पुराने मोबाइल की जगह जालसाजों ने एक ही माडल के नकली मोबाइल फोन एक्सचेंज में दे दिये। इज्जतनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर ली है।

उत्तराखंड के जिला बागेश्वर निवासी खड़क सिंह ने बताया कि वह मौजूदा समय में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरम डेलापीर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि इंस्ट्रकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में हव इंचार्ज हैं। बताया कि कंपनी शहर की विभिन्न ई-कामर्स कंपनियों के ग्राहकों की ओर से आर्डर किए गए सामान की डिलीवरी अपने डिलीवरी कर्मचारियों के माध्यम से कराती है। ई-कामर्स प्लेटफार्म की मोबाइल एक्सचेंज पालिसी के तहत ग्राहकों से नए मोबाइल की डिलीवरी के समय पुराना ओरिजिनल मोबाइल हैंडसेट डिलीवरी मैन द्वारा जांच कर लिया जाता है। 

आरोप है कि फर्जी ग्राहकों की ओर से सुनियोजित तरीके से उनके डिलीवरी कर्मचारियों को धोखे में लेकर एक ही माडल के नकली असेंबल किए गए मोबाइल फोन एक्सचेंज में दे दिए। जबकि वास्तविक एवं ओरिजनल मोबाइल अपने पास रख लिए। ऐसे में कंपनी और उनके कर्मचारियों के साथ धोखाधड़ी की गई। जांच में सामने आया कि जो नाम पते बताए थे, वो फर्जी थे। यह धोखाधड़ी 8 से 10 दिसंबर के बीच की गई। जिसमें कंपनी को 23 लाख 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल, इज्जतनगर पुलिस ने पवन चौकसे और अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार