ऊंचाहार में अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर, प्रशासन पर लगा पक्षपात करने का आरोप 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

ऊंचाहार/ रायबरेली, अमृत विचार। सरकारी जमीन पर अरसे से अवैध रूप से काबिज लोगों के निर्माण पर बुधवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। कुछ अवैध कब्जेदारों के मकानों को छोड़ दिया गया है। जिसको लेकर राजस्व कर्मचारियों पर पक्षपात का आरोप भी लगा है।
     
क्षेत्र के जमुनापुर चौराहा के आसपास बड़ी संख्या में सरकारी जमीन पर क्षेत्रीय लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। कब्जेदारो द्वारा इस स्थान पर पक्का निर्माण करके व्यवसाय किया जा रहा था। कुछ हिस्से पर लोग मकान बनाकर रह रहे थे। इस संबंध में पूर्व में राजस्व विभाग द्वारा सभी कब्जेदारों को नोटिस देकर अपना कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। नोटिस के बावजूद भी लोगों ने अपना कब्जा नहीं हटाया था। 

बुधवार को जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे राजस्व और पुलिस के अधिकारियों ने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया है। जिसमें अकील अहमद ,अनुज शुक्ला, गोपाल नाई ,सुरेश नाई, कुंज बिहारी शुक्ला ,अनिल सैनी आदि लोगों के निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में राजस्व विभाग द्वारा दी गई नोटिस में अन्य लोगों के भी अवैध कब्जे का जिक्र था, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई कुछ लोगों के खिलाफ ही की गई है, अन्य लोगों को छोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील प्रशासन अवैध निर्माण ध्वस्त करने में पक्षपात कर रहा है। इस मौके पर नायब तहसीलदार सुजीत सिंह और पुलिस बल मौजूद रहा।

ये भी पढ़ें -रायबरेली : प्यार में डूबे चाची-भतीजे ने तोड़ी रिश्तों की मर्यादा , बच्ची समेत हुए लापता  

संबंधित समाचार