हल्द्वानी: निगम की स्ट्रीट लाइटें बनी शोपीस, गलियों में अंधेरा

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

नगर निगम में पार्षदों का विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी  आयुक्त ने 12 दिन में लाइटें ठीक करने का दिया आश्वसन 

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम की आय में हर वर्ष हो रही बृद्धि की चमक स्ट्रीट लाइटों तक नहीं पहुंच रही है। शहर में लगी ज्यादातर स्ट्रीट लाइटें शोपीस बन गई हैं। शाम होते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। निगम क्षेत्र में करीब 2000 स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिनकी लंबे समय से मरम्मत नहीं की गई है। 

बुधवार को खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष रवि जाशी के नेतृत्व में पार्षदों ने नगर निगम में धरना प्रदर्शन किया। निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि शहर में दो हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। कई वार्ड तो ऐसे हैं, जहां अबतक लाइट लग नहीं पाई है।

शाम होते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चोरी, लूटपाट का भी खतरा बना रहता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें सुधारने की मांग की जा रही है। यदि समय रहते इस मामले का संज्ञान नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

इस बीच धरना स्थल पर पहुंचे नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने पार्षदों को 12 दिन के भीतर स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने का आश्वासन दिया। कहा कि व्यवस्थाओं को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन में पार्षद नीमा भट्ट, राधा आर्या, दीपा बिष्ट, नीरज बगडवाल, हेमंत शर्मा, शकील अंसारी, पूर्व प्रधान मुकुल बल्यूटिया, शकील सलमानी, शकील अंसारी, तौफिक अहमद, विनोद कुमार, जाकिर हुसैन, विनोद दानी, ध्रुव कश्यप, नवीन पांडे आदि थे।    

 

 

संबंधित समाचार