Chitrakoot News: डीजल चोरी का विवाद, खलासी ने पाना से की थी ट्रक चालक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद
चित्रकूट में डीजल चोरी के विवाद में खलासी ने ट्रक चालक की हत्या की थी।
चित्रकूट में डीजल चोरी के विवाद में खलासी ने ट्रक चालक की हत्या की थी। आरोपी खलासी के पास से से आलाकत्ल पाना बरामद हुआ।
चित्रकूट, अमृत विचार। ट्रक चालक शिवशंकर की हत्या खलासी रवि गौतम ने मोबाइल और डीजल चोरी के विवाद के बाद की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल पाना बरामद कर लिया है।
गौरतलब है कि कटनी (मप्र) के सुनील त्रिपाठी ने ट्रक चालक शिवशंकर यादव और खलासी रवि गौतम पुत्र लालजी निवासी पूरे सूरजू कोटरा मजरा बहादुरगंज थाना ऊंचाहार जनपद रायबरेली को चावल लादकर लखनऊ के लिए भेजा था। आठ अगस्त की रात रास्ते में विवाद के बाद आरोपी रवि ने बनकट मोड़ के पास सोते समय शिवशंकर की हत्या कर दी थी और शव यमुना नदी में फेंक दिया था।
इस संबंध में मृतक के भाई शिव सिंह पुत्र सुंदरलाल यादव ने राजापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीते दिन चालक का शव भी यमुना से बरामद कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में रवि ने पुलिस को बताया कि उसका शिवशंकर के साथ ट्रक का डीजल चोरी करने एवं मोबाइल को लेकर सतना में विवाद हो गया था।
सतना से कर्वी तक शिवशंकर ट्रक चलाकर लाया और कर्वी से उसे ट्रक चलाने को दे दिया। बताया कि कुछ देर बाद शिवशंकर ट्रक में ही सो गया था। यमुना पुल पर बेलपाना से सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी और शव यमुना में फेंककर ट्रक लेकर भाग गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शिवशंकर का पर्स, 510 रुपये, कीपैड मोबाइल, आला कत्ल बेलपाना तथा ट्रक बरामद किया है।
