छत्तीसगढ़: वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी का निधन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी का आज निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार श्री भोजवानी काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे।राजधानी के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। स्थिति में सुधार होता नही देख परिजन उन्हे वापस पैतृक शहर राजनांदगांव ले जा रहे थे,कि रास्ते में उनका निधन हो गया।श्री भोजवानी भाजपा के प्रमुख वरिष्ठ नेताओं में से थे।

वह अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के 1990 एवं 1998 में सदस्य चुने गए और मंत्री भी रहे। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने स्व.श्री भोजवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। युवा पीढ़ी उनके कार्यों से सदैव प्रेरणा लेती रहेगी।उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हे इस दुःखद घड़ी में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री भोजवानी का लंबा सार्वजनिक जीवन रहा है और उन्होंने पूरा जीवन आम जनता के लिए समर्पित होकर कार्य किया।उन्होने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

ये भी पढ़ें - छत्तीसगढ़ में 25 किलोग्राम विस्फोटक बरामद, एक नाबालिग समेत चार गिरफ्तार

संबंधित समाचार