UP: STF ने दो आरोपियों को पकड़ा... पुलिस अधिकारी बनकर करते थे फोन, फिर ऐसे करते वसूली, तरीका जानकर हो जाएंगे हैरान
एसटीएफ ने कानपुर के बर्रा से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ ने पुलिस अधिकारी बनकर वसूली करने वाले दो आरोपियों को बर्रा विश्वबैंक कॉलोनी के प्राथमिक विद्यालय से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के निशाने में खासकर महिलाएं टारगेट में रहती है।
कानपुर, अमृत विचार। एसटीएफ ने पुलिस अधिकारी बनकर वसूली करने वाले दो आरोपियों को बर्रा विश्वबैंक कॉलोनी के प्राथमिक विद्यालय से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि, बीते दिनों एसटीएफ के कुछ अधिकािरयों को युवकों द्वारा पुलिस अधिकारी बनकर आम जनता खासकर महिलाओं को अश्लील फोटो वायरल करने, अश्लीलें बातें, यौन उत्पीड़न समेत कई तरह से ब्लैकमेलिंग कर उगाही करने की जानकारी मिली। इस पर टीम ने जांच पड़ताल के दौरान दोनों को दबोच लिया।
ठगी का यह तरीका
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक गिरोह है। जो फर्जी दस्तावेज के आधार पर सिम कार्ड लेकर अलग-अलग कंपनियों के नंबरों को सीरियल वाइस कॉल करके महिलाओं को अपने आप को पुलिस अधिकारी बताकर यू-ट्यूब से पुलिस का सायरन बजाकर कॉल करते। इधर, कॉल करने वाला व्यक्ति भी सायरन सुनकर पुलिस के ही होने का यकीन मान जाता है। उनके खिलाफ मुख्यमंत्री के हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत प्राप्ता होने की बात बताकर अश्लील बातें, वीडियो कॉल आदि आरोप बताकर उनको ब्लैकमेल करते थे।
इसके बाद उसके निस्तारण के नाम पर उनसे फोन-पे, गूगल-पे, पेटीएम व बैंक खाते में पैसा मंगाते थे। जब इनके खिलाफ 1090 पर शिकायत होती थी, तब वह लोग नंबर बदल कर यही काम करना शुरू कर देते थे। अधिकारियों का कहना है कि इनके बैंक खातों, गूगल-पे, पेटीएम आदि की जांच की जा रही है।
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
1 अभिषेक सिंह उर्फ पुल्लर पुत्र महिपाल सिंह चौहान निवासी समाज नगर, मजरे दहेली थाना रेउना जनपद कानपुर नगर।
2 पंकज सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी दुर्गापुरवा मजरे नारायनपुर थाना अकबरपुर, कानपुर देहात।
यह सामान हुआ बरामद
1- 5 मोबाइल फोन 9 अदद सिम कार्ड।
2- 4 एटीएम कार्ड।
3- 02 आधार कार्ड।
4- 01 मोटर साइकिल यूपी 77 यू 8058
5- 5500 रुपये नकद।
6- 01 अदद स्मार्ट वॉच।
