Bareilly: प्रदेश के 12 मंडलों में बनेगी कंटेनरीकृत ट्यूबलर शूटिंग रेंज
बरेली, अमृत विचार। अपराधियों को सबक सिखाने के लिए पुलिस कर्मियों से लेकर अधिकारियों को गोली चलाने में और ट्रेंड करने के लिए शासन ने मंडल मुख्यालय स्तर पर कंटेनरीकृत ट्यूबलर शूटिंग रेंज (सीटीएसआर) बनाने का निर्णय लिया है। शासन ने इसकी स्वीकृति देने के साथ धनराशि भी स्वीकृत कर दी है। बरेली मंडल मुख्यालय पर करीब 1.55 करोड़ की लागत से सीटीएसआर बनेगी। इस रेंज में बहुत खूबियां बताई जा रही हैं।
पुलिस के जानकारों के अनुसार सीटीएसआर लाइव फायरिंग का सुरक्षित इनडोर विकल्प है। यह स्व-निहित और पोर्टेबल भी है। आकस्मिक गोलीबारी से भी निशानेबाजों को चोट लगने का कोई खतरा नहीं रहता है। फायरिंग रेंज के लिए आवश्यक क्षेत्र को काफी कम कर देता है। एक समय में दो प्रशिक्षु निशाना लगा सकते हैं। इसके साथ ही प्रत्येक निशानेबाज ट्यूबनुमा बूथ में रहता है। ट्यूबनुमा बूथ का डिजाइन ऐसा है कि दागी गई गोलियां इससे बाहर नहीं निकल पातीं हैं। सरकार ने पुलिस फायरिंग रेंज की कमी और फायरिंग क्षमता को आधुनिक बनाने के लिए सीटीएसआर की स्थापना का निर्णय लिया है। बरेली सहित 12 मंडल मुख्यालय पर कंटेनरीकृत ट्यूबलर शूटिंग रेंज बनायी जाएंगी। 18.66 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विशेष सचिव दिनेश कुमार ने अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय को चिट्ठी जारी कर परिक्षेत्रीय मुख्यालय के जनपद बरेली, सहारनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़, बस्ती, मिर्जापुर, मेरठ, आगरा, झांसी, अयोध्या, गोंडा एवं आजमगढ़ में फायरिंग रेंज की कमी और फायरिंग क्षमता को आधुनिक बनाने के लिए कंटेनरीकृत ट्यूबलर शूटिंग बनाने का निर्णय लेते हुए धनराशि स्वीकृत की है। एक रेंज पर 1.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गयी है। निर्देश दिए हैं कि धनराशि आहरित करने से पूर्व उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय यह सुनिश्चित करेगा उपकरणों/सामग्री के क्रय के लिए पूर्व में कोई धनराशि तो स्वीकृत नहीं की गयी है।
