Uttrakhand: 4 फेरे चलेगी किशनगंज-लालकुआं विशेष ट्रेन, यात्रियों को राहत
हल्द्वानी, अमृत विचार। होली के त्योहार पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने किशनगंज-लालकुआं (वाया गोरखपुर) होली विशेष गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है।
यह विशेष ट्रेन किशनगंज से 5 से 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार और लालकुआं से 6 से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को कुल 4 फेरों के लिए चलाई जाएगी। यह गाड़ी प्रत्येक गुरुवार को सुबह 8:30 बजे किशनगंज से चलेगी और अलुआबाड़ी रोड, ठाकुरगंज, अररिया, फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, झंझारपुर, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, कप्तानगंज, गोरखपुर, गोंडा, सीतापुर जंक्शन, लखीमपुर, गोला गोरकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा, बहेड़ी और किच्छा होते हुए अगले दिन 4:55 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
वापसी में यह गाड़ी प्रत्येक शुक्रवार को 8:10 बजे लालकुआं से प्रस्थान कर किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोरकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर जंक्शन, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, झंझारपुर, राघोपुर, ललितग्राम, फारबिसगंज, अररिया, ठाकुरगंज और अलुआबाड़ी रोड होते हुए तीसरे दिन 2 बजे किशनगंज पहुंचेगी।
होली पर रोडवेज स्टेशनों पर भीड़, पिछले वर्षों से कम रहा दबाव
होली के त्योहार को लेकर सोमवार को रोडवेज स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। सुबह से ही यात्रियों का स्टेशन पहुंचना शुरू हो गया और दोपहर तक भीड़ बढ़ती गई। हालांकि इस साल पिछले सालों की तुलना में प्रमुख रूटों पर भीड़ नियंत्रण में रही, जिससे परिवहन निगम को अतिरिक्त व्यवस्थाओं में अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी। परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई। हल्द्वानी डिपो से प्रमुख रूटों पर बसें भेजी गईं। जिसमें
दिल्ली के लिए 28 बसें भेजी गईं। जबकि पिछले सालों में 32 से 34 बसों का संचालन होता था। बरेली के लिए 5 बसें, टनकपुर 4 बसें, पीलीभीत 2, देहरादून 7, चंडीगढ़ 3, जालंधर व कानपुर 1-1 बस का संचालन हुआ। खासकर दिल्ली जैसे प्रमुख रूट पर इस बार यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। काठगोदाम डिपो से दिल्ली के लिए 26 बसें भेजी गईं। इसके अलावा देहरादून, नैनीताल सहित अन्य प्रमुख रूटों पर भी नियमित बसों का संचालन किया गया। डिपो के सहायक महाप्रबंधक गणेश पंत ने बताया कि इस बार होली सीजन में यात्रियों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। सवारी नहीं मिलने के कारण जयपुर जाने वाली बस को निरस्त करना पड़ा, जबकि नैनीताल रूट की कुछ बसें खाली रवाना हुईं। देहरादून के लिए दो वॉल्वो बसों का संचालन किया जा रहा है।
