रामपुर: शहर विधायक की अनोखी पहल, दीपावली पर 10 लाख दियों से जगमग होगा रामपुर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कारोबारियों को दीप बेचने के लिए शहर में उपलब्ध कराई जाएगी जगह, परंपरागत तौर-तरीकों से त्योहार मनाने पर दिया जा रहा जोर, माटी कला को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत शहर विधायक

रामपुर, अमृत विचार। दीपावली पर 10 लाख दियों से रामपुर जगमग होगा। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने परंपरागत तौर-तरीकों से त्योहार मनाए जाने पर जोर दिया है। कहा कि कारोबारियों को दीप बेचने के लिए शहर में जगह उपलब्ध कराई जाएगी। शहर विधायक माटी कला को बढ़ावा दिए जाने के लिए प्रयासरत हैं। परंपरागत तरीके दीपावली मनाए जाने से प्रजापति समाज का आर्थिक रूप से उन्नयन होगा। 

रोशनियों का त्योहार 12 नवंबर को है। इसके मद्देनजर तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। कुम्हारों ने दीपावली के लिए तरह-तरह के बर्तन बनाना शुरू कर दिए हैं। ताकि, प्रजापति समाज अधिक से अधिक लाभांवित हो और माटी कला को बढ़ावा मिले। सोमवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ग्राम परतापुर पहुंच गए। उन्होंने गांव में सभी हस्तशिल्पियों से उनके घरों पर जाकर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं और देखीं।

साथ ही अपने हाथ से चाक पर दीये बनाए। शहर विधायक ने सभी कारीगरों से दियों की बिक्री के बारे में पूछा, जिस पर कुम्हारों ने बताया कि वे पटवाई की बाजार में जाकर दिये बेचते हैं। विधायक ने कहा कि अब उन्हें पटवाई की बाजार में जाकर दीपक बेचने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें शहर में ही दिये बेचने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। 10 लाख दीयों का ऑर्डर देते हुए विधायक ने कहा, छोटी दिवाली के दिन ये दिए दीपोत्सव के रूप में ज्वालानगर को रोशन करेंगे।

उन्होंने दीवाली के महत्व के बारे में प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में त्योहारों को एक दूसरे के हितों को जोड़कर मनाया जाता था। एक समय में गांवों में यह परंपरा आम थी कि प्रजापति समाज के लोग ग्रामीणों को दिये उपलब्ध कराते थे और ग्रामीण दियों के बदले अनाज देते थे। ये ऐसी परंपरा थी, जिसमें दोनों एक दूसरे के पूरक बनते थे। लेकिन, मॉडर्न जमाना आ गया है, जिससे त्योहारों के तौर तरीके से भी बदल गए। कहा कि हमें संस्कृति को सहेजने की जरूरत है। इसके लिए हमें फिर से प्रजापति समाज को सशक्त बनाना होगा। अपने-अपने घरों को हस्तनिर्मित दियों से रोशन करना होगा।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: हत्याकांड के पंद्रह दिन में नामजद सात अभियुक्तों से एक को दबोच पाई पुलिस

संबंधित समाचार