मुरादाबाद: हत्याकांड के पंद्रह दिन में नामजद सात अभियुक्तों से एक को दबोच पाई पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में जोनू सैनी की हुई हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जोनू की गला काटकर हत्या 24 अक्टूबर को हुई थी। सात में से गिरफ्तार एक अभियुक्त के मामले में एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने पत्रकारों को बताया कि हत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी अर्जुन सिंह पुत्र हरिराज सिंह को शराब की हट्टी मंगूपुरा के पास बंद फैक्ट्री के गेट के सामने से गिरफ्तार किया है। 

इसके कब्जे से आलाकत्ल लोहे की पत्ती संग तमंचा-कारतूस मिला है। जिस स्कूटी पर बैठाकर जोनू का अपहरण किया था, उसे भी बरामद किया गया है। ये लाइनपार में विक्रम राशन कार्ड वाली गली का रहने वाला है। बरामद तमंचे के आधार पर अर्जुन के विरुद्ध एक और एफआईआर आयुध अधिनियम में दर्ज हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक जोनू के बड़े भाई मोनू सैनी ने सात लोगों को नामजद और चार अन्य को अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें अभी तक हत्याकांड के 15 दिन में एक ही अभियुक्त अर्जुन को जेल भेजा जा सका है। 

अन्य की भी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध स्थलों पर दबिश दे रही हैं। फरार चल रहे नामजद अभियुक्तों में हरिराज सैनी व उसके दो बेटे सचिन व विपिन और मुकेश डीजे वाला व इसका भाई सुभाष एवं जतिन हैं। एसपी सिटी ने बताया कि जब सुपर मार्केट से जोनू को अपहरण कर आरोपी स्कूटी पर बैठा कर ला रहे थे तो रास्ते में खड़े राजकुमार, नानू व रिषभ ने स्कूटी रोककर जतिन के चक्कर में जोनू को मारा था। आरोप है कि जाेनू ने पूर्व में जतिन को मारा था, इसलिए राजकुमार, नानू व रिषभ उससे से रंजिश रखते थे। 

एसपी सिटी ने कहा है कि जोनू हत्याकांड वाली एफआईआर में मारपीट के आरोप में इनके भी नाम शामिल किए जा रहे हैं। उधर, अर्जुन को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल दरोगा ओमकार सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार व कांस्टेबल शिव कुमार ने बताया कि गिरफ्त में आए अभियुक्त के विरुद्ध पहले भी मझोला थाने में दो मामले दर्ज हैं। इसमें एक मामला 2019 में मारपीट और एक प्रकरण आयुध अधिनियम का शामिल है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : हैंडबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, अलीगढ़ मंडल ने आगरा को हराकर की विजयी शुरुआत

संबंधित समाचार