बदायूं: जमीन के विवाद में युवक की हत्या, हादसा दर्शाने को खंती में फेंका था शव

बदायूं: जमीन के विवाद में युवक की हत्या, हादसा दर्शाने को खंती में फेंका था शव

बदायूं, अमृत विचार: जमीन के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने युवक की हत्या कर दी। हादसा दर्शाने के लिए शव को बाइपास किनारे खंती में फेंक दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते उन्होंने कमिश्नर से शिकायत की। कमिश्नर के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बिनावर थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी श्यामवीर सिंह पुत्र जदुनाथ सिंह ने कमिश्नर से शिकायत करके बताया कि उन्होंने दो साल पहले उन्होंने अपने सगे भाई श्यामपाल सिंह से एक खेत खरीदा था। जिसको लेकर उनका गांव निवासी सुनील पुत्र नंदन से विवाद हुआ था। मारपीट भी हुई थी। ग्रामीणों ने दोनों का फैसला करा दिया था। इसके बाद भी सुनील उनसे रंजिश मानने लगा। 

10 अप्रैल 2024 की शाम वह अपने बेटे रामौतार के साथ गांव निवासी राजपाल पुत्र बद्री की बेटी के लग्न समारोह में शामिल होने के लिए बितरोई गए थे। रात लगभग 11 बजे पिता-पुत्र वापस आने की तैयारी में थे। उनके गांव के रहने वाले अजय, धर्मपाल, राजपाल, सुनील व गांव बितरोई निवासी नरेश डीजे पर मौजूद थे। अजय ने श्यामवीर सिंह से रामौतार को छोड़कर जाने को कहा। बताया कि वह लोग साथ आ जाएंगे। 

मना करने के बाद वह लोग जिद करने लगे और नहीं माने। गांव के अन्य लोगों के साथ रामौतार को रोक लिया और श्यामवीर चले आए। अगले दिन सुबह 7 बजे गांव के अगर पाल सिंह ने बताया कि अजय की मां ने कहा है कि श्यामवीर को बता तो कि उनका बेटा रामौतार मर गया है। शव पटेल चौक के पास बाइपास किनारे खंती में पड़ा है। श्यामवीर अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां रामौतार का शव पड़ा मिला। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रामौतार की पसली टूटी मिली। उसके दिल में भी चोट लगी थी। श्यामवीर के अनुसार उनके कार्यक्रम से जाने के बाद उन लोगों का रामौतार से झगड़ा और मारपीट हुई थी। जिसमें रामौतार की मौत हुई थी। हादसा दिखाने के लिए शव खेत में फेंका गया था।

घटना की रात से आरोपी अपने घर से फरार हैं। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। कमिश्नर के आदेश पर राजपाल, अजय, सुनील, धर्मपाल और नरेश के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: किशोरी का अपहरण करके मंदिर में करा दी शादी, सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज