बदायूं: किशोरी का अपहरण करके मंदिर में करा दी शादी, सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किशोरी के पिता की तहरीर पर एक महिला समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

कुंवरगांव, अमृत विचार। महिला समेत सात लोग एक किशोरी का अपहरण करके नोएडा ले गए। जहां किशोरी के साथ एक युवक की मंदिर में शादी करा दी गई। किशोरी के पिता उनके पास पहुंचे तो गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। किशोरी के पिता की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 19 अप्रैल को उनके रिश्तेदार कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव शेखपुर निवासी सैजल उर्फ कुन्नू बाबू, नरेंद्र पाल, प्रेमवती, अनुज, मोहर सिंह, अंकित, शिवानी और थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव जखौरा निवासी किशनवीर कार से उनकी घर पर आए थे। व्यक्ति की साढ़े 16 साल की बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए। गांव के लोगों ने किशोरी को ले जाते देखा। व्यक्ति घर पहुंचा तो लोगों ने उसके कार में बैठाकर ले जाने की जानकारी दी। व्यक्ति ने उन रिश्तेदारों को फोन किया। 

रिश्तेदारों ने कहा कि वह उनकी बेटी को नोएडा ले आए हैं। वह नोएडा पहुंचे। पता चला कि आरोपियों ने उनकी नाबालिग बेटी की शादी जबरन सैजल उर्फ कन्नू बाबू के साथ करा दी है। व्यक्ति ने विरोध किया। कहा कि वह लोग उनकी नाबालिग बेटी की शादी कैसे करा सकते हैं। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया कि अगर शिकायत की तो उन्हें जान से मार देंगे। अगले दिन सुबह लगभग छह बजे अपनी गाड़ी में जबरन बैठाकर व्यक्ति और उसकी पत्नी को घर पर छुड़वा दिया और उनकी नाबालिग बेटी को अपने पास ही रख लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: प्रशासन की सख्ती के बाद जागा मलेरिया विभाग, शुरू किया छिड़काव

संबंधित समाचार