Fatehpur Accident: अलग-अलग सड़क हादसों में इंटर कालेज के क्लर्क समेत दो युवकों की मौत; परिजनों में मचा कोहराम
फतेहपुर (थरियांव/खागा), अमृत विचार। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में इंटर कालेज के क्लर्क समेत दो लोगों की मौत हो गई। थरियांव और खखरेरू थाना क्षेत्र में यह सड़क हादसे हुए। हादसों की जानकारी पर मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस न शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थरियांव थाना क्षेत्र के चौहान का डेरा मजरे सनगांव निवासी लल्लू पुत्र बनवारी सिंह सोमवार को अपने ननिहाल असोथर थाना क्षेत्र के रानीपुर बनपुरवा से अपने गांव जा रहा था। जैसे ही देर शाम वह थरियांव थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
रात होने के चलते घायल ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। बता दें पूरी रात वह लावारिश हालत में पड़ा रहा। सुबह जब ग्रामीणों व राहगीरों ने शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान चौहान का डेरा मजरे सनगांव निवासी लल्लू के रूप मे किया। हादसे की जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मचा रहा।
उधर, दूसरा हादसा खखरेरू थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि खखरेरू कस्बा निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद सोहराब पौली इंटर कालेज में क्लर्क के पद पर तैनात थे। मंगलवार सुबह बाइक से रोज की तरह कालेज जाने के लिए घर से निकले थे।
जैसे ही वह पनिहा बाबा चौराहे के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। दोनों बाइकों से सवार लोग सड़क पर गिरकर घिसट गए। हादसे में सोहराब का सिर फट जाने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
