संभल : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पूर्व प्रधान पति को रौंदा, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलीगढ़ से पत्नी की दवा लेने बाइक से जा रहा था पूर्व प्रधान का पति, हादसे के बाद भाग गया चालक, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया

संभल/बबराला, अमृत विचार। गुन्नौर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पूर्व प्रधान पति को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान पति को सीएचसी गुन्नौर से रेफर करने के बाद अलीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया तो उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया जबकि चालक भाग गया।

रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी विमलेश पत्नी महेश पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुकी है। मंगलवार को सुबह महेश (45 वर्ष) विमलेश की दवा लेने के लिए बाइक से अलीगढ़ जा रहा था। करीब साढ़े आठ बजे महेश जैसे ही गुन्नौर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर गांव इटौआ के पास पहुंचा तो गुन्नौर की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से बाइक को रौंद दिया। 

हादसे में बाइक सवार महेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महेश को गुन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने महेश को अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ के अस्पताल में उपचार के दौरान महेश की मौत हो गई। महेश की मौत की खबर से पत्नी विमलेश और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक के दो बेटे व एक बेटी हैं। कोतवाल अतर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के बाद चालक मौके से भाग गया।

ये भी पढ़ें:- प्रिंस हैरी ने अमेरिका जाने पर सुरक्षा विवरण वापस लेने के ब्रिटेन सरकार के फैसले को दी चुनौती

संबंधित समाचार