सुल्तानपुर में थाने के बगल सरेशाम फायरिंग से दहशत
सुल्तानपुर, अमृत विचार। कोतवाली देहात थाने के बगल सरेशाम फायरिंग होने से लोग दहशत में हैं। फायरिंग के बीच भाग रहे वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। जिनको अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
कोतवाली देहात के निकट दोमुंहा चौराहे पर इंदिरा गांधी पार्क के बगल सुलतानपुर रोड पर शाम चार बजे एक चार पहिया वाहन खड़ा था। जिस पर पुलिस का चिह्न बना था और आधा दर्जन लोग वाहन से उतरकर सड़क पर खड़े होकर किसी का इंतजार कर रहे थे। सुलतानपुर से लंभुआ की तरफ एक चार पहिया बोलेरो आती दिखी तो वाहन से नीचे उतरे लोग सक्रिय हो उठे। तभी चौराहे से कुछ दूर पहले ही बोलेरो वाहन के लोग पुलिस वाहन व लोगों को देख तेजी से सूमो मोड़कर भागने लगे। जिसकी चपेट में आकर बाइक से बरगदवा कुछमुछ रिश्तेदारी जा रहे लंभुआ के मकसूदन निवासी सियाराम (43) और गोलू (26) गंभीर रूप से घायल हो गये। गोलू का हाथ टूट गया तथा उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी। उधर भाग रहे बोलेरो वाहन को पुलिस निशान वाले चार पहिया वाहन ने दौड़ा लिया। इसी बीच दो बार फायरिंग भी हुई। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि मोड़कर भाग रहे बोलेरो वाहन पर पुलिस निशान बने वाहन के लोगों ने फायरिंग की थी, गोली वाहन मे लगी। फायरिंग की घटना से पूरे चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है तथा लोग दहशत में है। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। पहुंचे लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
देहात कोतवाल श्याम सुंदर ने थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुए इस फायरिंग की घटना से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने बताया कि हमको जानकारी होगी तो मौके पर जाकर आपको घटना के संबंध मे जानकारी देंगे। थाने के बगल हुई फायरिंग की घटना के बाद घंटे भर तक पुलिस के न पहुंचने से लोगों के बीच तरह तरह की चर्चाएं हैं।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज में श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़, गंगा में गिर रहा नाले का पानी
