लखीमपुर खीरी: हत्यारोपी के घर बुलडोजर लेकर पहुंची पुलिस, हड़कंप
मुख्य दरवाजे की सीढ़ी गिराई, हाजिर करने के लिए दिया 24 घंटे का वक्त
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: तमाम कोशिश के बाद भी हत्यारोपी के हाथ न आने पर कोतवाली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को दो बुलडोजर लेकर हत्यारोपी कुलदीप बाजपेई के घर मोहल्ला प्रकाश नगर पहुंची पुलिस ने घर के बाहर मुख्य दरवाजे पर बनी सीढियां तोड़ दी। साथ ही परिवार वालों को 24 घंटे के भीतर उसे हाजिर करने की हिदायत दी है।
.jpeg)
बता दें कि शहर के मोहल्ला प्रकाशनगर में निर्माणाधीन पानी की टंकी परिसर में पांच दिनों से हरियाणा के जिला कैथल के गांव सीरटा निवासी बलराम (43) अपनी बोरवेल मशीन और मजदूरों के साथ बोरिंग कर रहे थे। मंगलवार की देर शाम वह अपने पांच मजदूरों सुब्बा सिंह, शोएब खान, पप्पू आदि के साथ सामान भरी ट्रैकटर ट्राली के पास बैठकर आग ताप रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे तीन लोग दो बाइक से आए और बाउंड्री के बाहर एक कोने में बाइक खड़ी कर काम न करने देने की धमकी देते हुए गालियां देने लगे।

गालियों का विरोध करने पर दो बदमाशों ने मालिक बलराम के हाथ पकड़ लिए और तीसरे ने गर्दन में गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने मोहल्ले के ही कुलदीप बाजपेई और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन पुलिस नामजद आरोपी को अभी तक गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। एक आरोपी की पहचान विक्कू के रूप में हुई। तीसरे आरोपी की पहचान से पुलिस इनकार कर रही है।
जबकि उसकी भी पहचान एक भाजपा नेता के रूप में हो गई है। पुलिस घटना के तीन दिन बाद भी किसी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। जिससे पुलिस विभाग की किरकिरी हो रही है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने शुक्रवार को घटना के मुख्य आरोपी कुलदीप और उसके सहयोगी विक्कू पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया।
पुलिस कुलदीप के घर बुल्डोजर लेकर पहुंच गई। लेकिन उसका घर नहीं गिरा पाई। पुलिस ने उसके परिवार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो घर गिरेगा। कुछ देर बाद पुलिस वापस लौट आई।
भाजपा नेता पर इनाम नहीं: घटना में तीन आरोपी शामिल है। जिसमें एक भाजपा नेता है। अभी तक तीनों फरार हैं। पुलिस ने दो आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। जबकि भाजपा नेता पर कोई इनाम घोषित नहीं किया है। पुलिस उसके घर बुल्डोजर लेकर भी नहीं गई। पुलिस की इस कार्रवाई से लग रहा है कि पुलिस भाजपा नेता पर कार्रवाई को लेकर नरमी दिखा रही है।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : दूरदर्शन कार्यालय के पास 67 बोरी गेहूं से लोड पिकअप पकड़ा, कालाबाजारी का शक
