जय श्री राम और जय हनुमान से गुजांयमान हुए लखनऊ और अयोध्या के मंदिर, भंडारे और सुंदरकांड का पाठ, देखें तस्वीरे

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ अमृत विचार : हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को राजधानी के मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों के साथ दर्शन-पूजन के लिए मंदिरों में पहुंचते रहे। शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और हर ओर भक्ति की गूंज सुनाई दी।

प्रमुख मंदिरों में लगी लंबी कतारें

वायरल तस्वीर (5)

हनुमान सेतु मंदिर, हनुमंत धाम, अलीगंज हनुमान मंदिर और दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर समेत शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों के कपाट खुलते ही दर्शन के लिए भक्तों का तांता लग गया, जो दिनभर जारी रहा।

भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा माहौल

वायरल तस्वीर (6)

मंदिरों को फूल-मालाओं और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर दिव्यता से जगमगा उठा। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ।

‘आरती कीजै हनुमान लला की’ और ‘जय हनुमान ज्ञान गुन सागर’ जैसे भजनों से मंदिर परिसर गुंजायमान होता रहा। भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।

भंडारे और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी

कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्यों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। भक्तों ने बजरंगबली से सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और देश में शांति की कामना की। हनुमान सेतु मंदिर के आचार्य चंद्रकांत द्विवेदी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव चैत्र मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। यह पर्व आस्था, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक है, जो श्रद्धालुओं को जीवन में साहस और आत्मविश्वास प्रदान करता है।

जन्मोत्सव पर लेटे हुए हनुमान जी को लगा 51 किलो के लड्डू का भोग

लेटे हुए हनुमान जी मन्दिर में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने मन्दिर को केसरिया गुब्बारों से सजाया। जन्मदिन पर हनुमान जी को 51 किलो के लड्डू से भोग लगाया गया।

वायरल तस्वीर (15)

हनुमान जयंती मनाने पहुंचे हजारों भक्तों ने हनुमान को सिन्दूर चढ़ाया, उन्हें चोला और प्रसाद चढ़ाया। जन्मदिन पर उनका विशिष्ट श्रृंगार किया।

वायरल तस्वीर (8)

मन्दिर के मुख्य सेवादार डॉ. विवेक तांगड़ी ने हनुमान जी की महाआरती उतारी। हनुमान जी की बाल रूप में लेटी हुई अष्टधातु की मूर्ति को पंचामृत से सभी भक्तों ने स्नान कराया।

वायरल तस्वीर (7)

दोपहर में भजन गायक शशांक ने सुंदरकांड का पाठ किया। मंदिर में आए भक्तों ने भंडारे का आनंद उठाया।

वायरल तस्वीर (12)

शाम को हनुमान जी को छप्पन भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। 

वायरल तस्वीर (13)

इस अवसर पर ट्रस्ट के सेवादार डॉ. पंकज सिंह भदोरिया, रिद्धि किशोर गौड़, आशीष अग्रवाल, अखिलेश कुमार, सुरेंद्र सूदन, अजय मेहरोत्रा, प्रहलाद अग्रवाल, लवलीन खोसला मुख्य रूप से मौजूद रहे।

वायरल तस्वीर (9)

चौपटिया स्थित कक्कड़ पार्क में भक्तों ने हनुमान जन्मोत्सव पर विशाल भंडारे का आयोजन किया।

वायरल तस्वीर (10)

भंडारे में पूरी सब्जी, कढ़ी चावल का वितरण अतुल और उनकी टीम ने किया।

वायरल तस्वीर (11)

चौपटिया संकट मोचन हनुमान मंदिर में बाबा का भाव श्रृंगार हुआ। शाम को बिंदु टंडन, अनिल टंडन और श्यामू यादव के साथ भक्तों ने सुंदरकांड का पाठ किया।

कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में हनुमानजी का तिल के तेल से सिंदूर लेपन

चौक कोतवाली स्थित कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में हनुमान जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मन्दिर के महंत विशाल गौड़ ने हनुमान जी को शिव का अवतार और राम का परम भक्त बताया। महंत विशाल गौड़ ने बताया कि सुबह 4 बजे स्नान के बाद हनुमानजी का तिल के तेल से सिंदूर लेपन हुआ, चांदी का वर्क एवं इत्र लगाकर फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया और विशेष आरती हुई। हनुमानजी को लड्डू- बूंदी और फलों का भोग लगाया गया।

वायरल तस्वीर (14)

इस मौके पर पूरे मंदिर को दो कुंटल फूलों से सजाया गया। सुबह 6 बजे से देर रात तक मन्दिर में भक्तों का तांता लगा रहा। महंत ने बताया कि इस दिन विशेष पूजा, हनुमान चालीसा का पाठ और मंदिरों में चोला चढ़ाने की परंपरा है। उन्होंने बताया कि जो लोग हनुमान चालीसा, मंत्र जाप और पूजा विधि के अनुसार हनुमान की आराधना सही समय और विधि से पूजा करते हैं तो बजरंगबली प्रसन्न होते हैं और भक्तों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सफलता आती है।

हनुमान जयंती पर दर्शन करने उमड़े श्रद्धालु

अयोध्या  राम नगरी में चैत्र शुक्ल पूर्णिमा और हनुमान जयंती का पर्व गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह पांच बजे से ही बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने पावन सलिला सरयू नदी में स्नान कर हनुमान गढ़ी और राम मंदिर में दर्शन पूजन किया। कालेराम मंदिर, जानकी महल ट्रस्ट सहित अन्य मंदिरों में संगीतमयी सुंदरकांड पाठ के साथ अनुष्ठान संपन्न किया गया। 

कालेराम समेत अन्य मंदिरों में हुआ अनुष्ठान

कालेराम मंदिर के पुजारी गोपाल देश पाण्डेय ने बताया कि आज चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के सूर्योदय के समय हनुमान का जन्मोत्सव मनाने की परम्परा है। सरयू तट स्थित कालेराम मंदिर में उत्सव के साथ जयंती मनाई गई। ब्रह्ममुहूर्त में दक्षिण मुखी हनुमान जी का अभिषेक व आरती कर हनुमानकथा सुनाई गई। उन्होंने बताया कि दक्षिण मुखी हनुमान का दर्शन बहुत ही दुर्लभ है। कालेराम में स्थित हनुमान की मूर्ति देवी स्वरूप हनुमान है।

ये भी पढ़ें :  
मदरसा आधुनिकीकरण योजना : यूपी में 22 हजार शिक्षकों को मिलेगी राहत, योगी सरकार ने जारी किया निर्देश

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार