लखीमपुर खीरी : दूरदर्शन कार्यालय के पास 67 बोरी गेहूं से लोड पिकअप पकड़ा, कालाबाजारी का शक 

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

एसडीएम सदर ने कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर मार्केटिंग इंस्पेक्टर को दिए जांच के निर्देश 

लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः सदर कोतवाली क्षेत्र में गोला रोड पर छाउछ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित दूरदर्शन कार्यालय के निकट गेहूं से लोड पिकअप पकड़ा गया है, जिसमें 67 कट्टे यानी 34.20 क्विंटल गेहूं पाया गया है। चालक इस गेहूं के संबंध में कोई वैध कागज नहीं दिखा सका, जिससे गेहूं समेत पिकअप को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया है। साथ ही मामले की जांच मार्केटिंग इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।

आशंका जताई जा रही है कि यह गेहूं भंसड़िया स्थित एसडब्ल्यूसी गोदाम से निकालकर कहीं ले जाया जा रहा था। इसके साथ दो और पिकअप गेहूं से लोड थीं, जो अधिकारियों के पहुंचने से पहले फुर्र हो गई। गोला रोड पर स्थित एक गोदाम से कुछ पिकअप में गेहूं लोड कर कहीं दूसरी जगह ले जाने की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह जांच के लिए मौके पर पहुंची, तो दूरदर्शन कार्यालय के निकट एक पिकअप को पकड़ा।

पिकअप में 67 प्लास्टिक बोरियों में भरा गेहूं लदा था, जिसकी मात्रा 34.20 क्विंटल पाई गई है। चालक से पूछताछ की गई, तो वह गेहूं के संबंध में कोई वैध प्रपत्र नहीं दिखा सका और न ही कहां से लेकर कहां जाने के बारे में जानकारी दी। बल्कि पिकअप चालक अधिकारियों को गोलमोल जवाब देता रहा, जिससे गेहूं को कालाबाजारी के लिए ले जाने का शक गहरा गया।

एसडीएम सदर ने गेहूं समेत पिकअप को सदर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया और मामले की जांच मार्केटिंग इंस्पेक्टर केके पाठक को सौंपी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गेहूं कहां से लोड कर कहां भेजा जा रहा था। सूत्र बताते हैं कि यह गेहूं भंसड़िया स्थित एक सरकारी गोदाम से प्लास्टिक बोरियों में पलटाकर कहीं दूसरी जगह भेजा जा रहा था।

गोदाम से तीन पिकअप में गेहूं लोड कराया गया था, जिस दौरान किसी ने अधिकारियों को सूचना दे दी। इसके बाद एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह समेत डिप्टी आरएमओ संतोष पटेल भी मौके पर जांच करने पहुंचे, तो दूरदर्शन कार्यालय के पास एक पिकअप को पकड़ लिया। जबकि दो पिकअप को लेकर उनके चालक फुर्र हो गए। हालांकि अधिकारियों ने सिर्फ एक पिकअप में गेहूं पकड़े जाने की बात कही है। अन्य दो पिकअप के बारे में जानकारी से इंकार किया है। 

एक पिकअप में 67 बोरी गेहूं पकड़ा गया है, जिसके चालक द्वारा कागज न दिखाने पर पिकअप समेत गेहूं को कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया है। मामले की जांच मार्केटिंग इंस्पेक्टर केके पाठक को सौंपी गई है, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।- श्रद्धा सिंह, एसडीएम सदर 

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया अग्रिम आदेश तक स्थगित, 3143 शिक्षकों के अरमानों पर फिरा पानी

संबंधित समाचार