गर्मियों में यात्रियों को राहत: तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन, लखनऊ रूट पर बढ़ेगी सुविधा, प्रमुख शहरों को मिलेगा सीधा कनेक्शन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः गर्मियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी, दिल्ली और अयोध्या से लखनऊ के रास्ते तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि यह व्यवस्था अप्रैल से जुलाई तक लागू रहेगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

वाराणसी-दिल्ली स्पेशल का समय व रूट

ट्रेन संख्या 04209 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल 15–20 अप्रैल और 27 अप्रैल से 15 जुलाई तक हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। यह वाराणसी से रात 10:15 बजे चलकर रायबरेली होते हुए सुबह 3:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 04210 ट्रेन निर्धारित दिनों में दिल्ली से शाम 7:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

लखनऊ-नई दिल्ली साप्ताहिक स्पेशल

ट्रेन 04203 लखनऊ-नई दिल्ली स्पेशल 20 अप्रैल से 13 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह सुबह 8:05 बजे लखनऊ से रवाना होकर शाम 6:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 04204 नई दिल्ली-लखनऊ स्पेशल रात 8:20 बजे चलकर सुबह 6:35 बजे लखनऊ पहुंचेगी। ट्रेन 04213 अयोध्या कैंट-आनंदविहार स्पेशल 16 अप्रैल से 12 जुलाई तक रविवार व बृहस्पतिवार को चलेगी। वापसी में 04214 ट्रेन सोमवार व शुक्रवार को आनंदविहार से चलकर अयोध्या पहुंचेगी। इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

संबंधित समाचार