Loksabha election 2024 : साथ आये अखिलेश और जयंत, SP ने RLD को दीं ये 7 सीटें 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। आगामी लोकसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के बीच सीटों को लेकर तालमेल हो गया है। शुक्रवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राजधानी में मुलाकात की है। सपा की तरफ से राष्ट्रीय लोकदल को यूपी में 7 सीटें दी गई हैं। सपा ने आरएलडी को मेरठ, अमरोहा, कैराना, बागपत, मथुरा, मुजफ्फरनगर और बिजनौर सीट दी हैं। माना जा रहा है कि इन सीटों पर आरएलडी के वोटों का समीकरण काफी आसान है और इनपर जीत दर्ज की जा सकती है। 

बता दें कि सपा की तरफ से अभी इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस के साथ स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पिछले चुनावों में आरएलडी ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था। जबकि इस बार सपा की तरफ से उसे 7 सीटें दी गई हैं। 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के जरिये गठबंधन की घोषणा की। अखिलेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रीय लोक दल और सपा के गठबंधन की सभी को बधाई। जीत के लिए सभी एकजुट हो जाएं, जुट जाएं।’’ ‘एक्स’ पर अखिलेश के ट्वीट को दोबारा पोस्ट करते हुए जयंत चौधरी ने 'एक्स' पर लिखा, ''राष्ट्रीय, संवैधानिक मूल्यों के रक्षा के लिए सदैव तत्पर, हमारे गठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं से उम्मीद है, अपने क्षेत्र के विकास और ख़ुशहाली के लिए कदम मिलाकर आगे बढ़ें।’’ 

रालोद प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा, "रालोद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर चुनाव लड़ेगी।"

ये भी पढ़ें -  'जमीन पर सोना, पी रहे नारियल पानी, गौ-सेवा और अन्नदान...', प्राण प्रतिष्ठा से पहले कुछ ऐसी है प्रधानमंत्री की दिनचर्या     

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज