Good News: हाईवे से चकेरी औद्योगिक क्षेत्र तक फोरलेन रोड... औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ेगा निवेश, अब और आसान होगा रास्ता
कानपुर में हाईवे से चकेरी औद्योगिक क्षेत्र तक फोरलेन रोड बनेगी।
कानपुर में हाईवे से चकेरी औद्योगिक क्षेत्र तक फोरलेन रोड बनेगी। संकरी सड़क और क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की वजह से ही इस औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक विकास की गति तेज नहीं हो पा रही है।
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी औद्योगिक क्षेत्र के दिन बहुरने वाले हैं। संकरी सड़क और क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की वजह से ही इस औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक विकास की गति तेज नहीं हो पा रही है। आवासीय प्लाट लेने वाले भी वहां मकान नहीं बना रहे हैं। क्योंकि क्रॉसिंग पर लगने वाला जाम बड़ा कारण है।
ऐसे में अब ग्रीन फील्ड फोर लेन मार्ग बनेगा और क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण भी होगा। भूमि अधिग्रहण पर जहां लोक निर्माण विभाग करीब 100 करोड़ रुपये खर्च करेगा तो सड़क निर्माण पर 18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क दो किलोमीटर लंबी होगी। ओवरब्रिज की डिटेल प्रोजेक्ट सेतु निगम की ओर से तैयार किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत करीब 60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
चकेरी- प्रयागराज हाईवे से छतमरा होते हुए पाली, सजारी तक सड़क जाती है। छतमरा तक यह सड़क टू लेन है लेकिन उसके आगे संकरी हो गई है। औद्योगिक क्षेत्र के पास से इसे पुन: पाली, सजारी तक टू लेन किया गया है। केडीए छतमरा के पास अपनी कई योजनाएं लाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही इस मार्ग के आसपास कई प्राइवेट बिल्डर भी सोसाइटी क्षेत्र बसा रहे हैं। भविष्य में यहां यातायात का दबाव बढ़ेगा।
साथ ही औद्योगिक क्षेत्र चकेरी में अभी बमुश्किल दो दर्जन औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं जबकि यहां 100 इकाइयां स्थापित हो सकती हैं। आवागमन की सुविधा ठीक न होने की वजह से ही आवंटी वहां इकाई नहीं लगा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए ही सांसद देवेंद्र सिंह भोले और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने ग्रीन फील्ड फोर लेन मार्ग बनाने के आदेश दिए थे। ऐसे में लोक निर्माण विभाग ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दिया। वहां से इसे प्राथमिक मंजूरी मिल गई है।
बनेगा फोर लेन ओवरब्रिज
चकेरी क्रॉसिंग पर सेतु निगम फोर लेन ओवरब्रिज बनाने की योजना बना रहा है। इसके लिए बीएसएनएल, विद्युत विभाग व अन्य विभागों से सुविधाओं की शिफ्टिंग और पुन: उनकी स्थापना में आने वाली लागत के बारे में पूछा है। मार्च से पहले ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट एमडी को सेतु निगम की ओर से भेज दिया जाएगा। रेलवे भी ओवरब्रिज के निर्माण पर सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गया है।
ग्रीन फील्ड फोर लेन मार्ग बनेगा। इस मार्ग के बन जाने से आवागमन सुगम होगा। दो किमी लंबा मार्ग बनेगा। भूमि अधिग्रहण भी किया जाएगा।– राकेश यादव, अधिशासी अभियंता, लोनिवि
ये भी पढ़ें- Kanpur Dehat Accident: तेज रफ्तार कार नाले में गिरी... 6 की मौके पर मौत, दो मासूम बच्चे घायल
