UP: शिकारियों की करतूत तेंदुए के शावक की जान पर बनी, तार के फंदे में फंसा मिला 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

स्वार, अमृत विचार। जंगली जानवरों के शिकार के लिए शिकारियों द्वारा जंगलों में लगाए जा रहे तार के फंदे अब वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। ताजा मामला तहसील क्षेत्र के गद्दीनगली हुसैन गंज के जंगल से सामने आया है, जहां शिकारियों द्वारा लगाए गए तार के फंदे में एक तेंदुए का शावक फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जंगल में तेंदुए के शावक की दर्दनाक आवाजें सुनाई देने पर गद्दीनगली हुसैन गंज के ग्राम प्रधान बाबू खां ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी विजय कुमार गौतम अपनी टीम और पिंजरे के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तार के फंदे में फंसे तेंदुए के शावक को रेस्क्यू कर बाहर निकाला और सुरक्षित पिंजरे में बंद कर उपचार के लिए सलारपुर चौकी ले जाया गया। 

ग्राम प्रधान बाबू खां ने बताया कि गांव के जंगल में पिछले तीन दिनों से तेंदुए के दहाड़ने की आवाजें आ रही थीं। लेकिन उसका सटीक स्थान पता नहीं चल पा रहा था। रविवार को जंगल में जाकर देखा गया तो तेंदुए का शावक शिकारियों द्वारा लगाए गए क्लच के तार के फंदे में फंसा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की दहशत पहले से ही बनी हुई है। तहसील क्षेत्र मसवासी के कई गांवों में तेंदुआ देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 

इतना ही नहीं हाल ही में एक तेंदुआ किसान के फार्म हाउस में घुस गया था। जहां उसने किसान पर हमला कर उसे घायल भी कर दिया था। इसके चलते ग्रामीण लगातार वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे थे। वन क्षेत्राधिकारी विजय कुमार गौतम ने बताया कि घायल तेंदुए के शावक को सुरक्षित रेस्क्यू कर इलाज के लिए सलारपुर चौकी भेज दिया गया है। साथ ही जंगलों में शिकारियों द्वारा लगाए जा रहे तार के फंदों को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। घटना एक बार फिर शिकारियों की क्रूरता को उजागर करती है। जो अवैध शिकार के लिए जंगलों में तार के फंदे लगाकर बेजुबान वन्यजीवों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।

संबंधित समाचार