खबर का असर: श्रद्धालुओं के लिए राहत, पशुपति नाथ मंदिर रोड साफ-सुथरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पशुपति नाथ मंदिर रोड पर लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की समस्या को काफी हद तक दूर कर दिया गया है। शनिवार को अमृत विचार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर सुबह ही नगर आयुक्त के निर्देश पर नाले की सफाई करा दी गई, ताकि मंदिर आने वाले भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो। दूसरी तरफ रविवार को शिवालयों में बम-बम भोली की गूंज सुनाई दी।

नाथ कारिडोर में शामिल पशुपति नाथ मंदिर पीलीभीत बाईपास से करीब 150 मीटर की दूरी पर है, इसलिए इस मार्ग की सफाई और जल निकासी बेहद जरूरी थी। मंदिर का मुख्य मार्ग काफी नीचा होने के कारण रोड किनारे स्थित नाले के चोक होने के कारण सड़क पर कीचड़ फैलने के साथ पानी भरा रहता है। ऐसे में महाशिवरात्रि पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को इस समस्या का सामना करना पड़ता। 

स्थानीय लोगों का कहना था कि मंदिर नाथ कारिडोर का हिस्सा होने के कारण यहां आने वाले भक्त और आमजन पैदल ही दर्शन के लिए आते हैं। अमृत विचार ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। खबर का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने समस्या के निदान के निर्देश दिए। नाले की सफाई की प्रक्रिया सुबह ही शुरू कर दी गई। दावा है कि नाला साफ होने के बाद मंदिर रोड पर जलभराव नहीं होगा और भक्तों को दर्शन के लिए आने में किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

 

संबंधित समाचार