Bareilly: रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर देश के नामचीन वक्ताओं ने रखे अपने विचार
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय का 51वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को विश्वविद्यालय परिसर के अटल सभागार आयोजित किया गया। जिसमें विज्ञान एवं चिकित्सा जगत की देश की नामचीन हस्तियां शामिल हुईं।
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत आने वाले टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट बोर्ड के सचिव राजेश कुमार पाठक मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। मुख्य वक्ता के रूप में आर्मी हॉस्पिटल आर एंड आर, नई दिल्ली के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रो. शेखर कश्यप उपस्थित रहे। कीनोट स्पीकर के तौर पर आईसीएमआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर प्रिवेंशन एंड रिसर्च, नोएडा की निदेशक डॉ. प्रो. शालिनी सिंह ने अपने विचार रखें।
विशिष्ट आमंत्रित अतिथि के रूप में आईसीएमआर - नेशनल जालमा इंस्टीट्यूट फॉर लेप्रोसी एंड ओएमडी, आगरा के निदेशक-ग्रेड वैज्ञानिक डॉ. प्रो. डी.एस. चौहान ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने की। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया तथा शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। स्थापना दिवस समारोह को लेकर परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
