UP: महापुरुषों की तस्वीरें फिर दीवार पर लगीं...निलंबन के बाद भी प्रधानाध्यापिका की मौजूदगी पर उठे सवाल
संभल, अमृत विचार। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला पूरवा स्थित परिषदीय विद्यालय में महापुरुषों की तस्वीर हटाने और प्रधानाध्यापक कक्ष के बाहर कुरान की आयत लिखी तस्वीर लगाने के मामले में हंगामे के बाद प्रधानाध्यापिका और एक सहायक अध्यापक पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद विद्यालय की दीवारों पर महापुरुषों की तस्वीरें सम्मान के साथ दोबारा लगा दी गई हैं।
शनिवार को संगठनों के कार्यकर्ता फिर विद्यालय पहुंचे। उन्होंने निलंबन के बावजूद प्रधानाध्यापिका पुष्पा रानी के स्कूल में होने पर सवाल खड़े किए। कार्यकर्ताओं ने जांच कराने की मांग भी की। दूसरी ओर, कुरान की आयत वाली तस्वीर लगाने के मामले में निलंबित सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम ने खुद को बेकसूर बताया है। प्रधानाध्यापिका पुष्पा रानी इस मामले की जिम्मेदारी मोहम्मद नाजिम पर डाल रही हैं।
पुष्पा रानी का कहना है कि उनका दोष केवल इतना है कि उन्होंने तस्वीर लगाए जाने की सूचना समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। वहीं सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम ने कहा कि पुष्पा रानी विद्यालय में रहते हुए समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार करती हैं और उनकी कार्यशैली विवादों में रही है।
उन्हें इस मामले में फंसाने के लिए षड्यंत्र रचा गया है। मोहम्मद नाजिम ने स्पष्ट किया कि आयतों वाली तस्वीर लगाने में उनकी कोई भूमिका नहीं है। वह स्कूल की बात तो दूर कभी गांव की मस्जिद में भी नमाज अदा करने नहीं गये। वह केवल जुमे की नमाज पढ़ते हैं और विद्यालय की छुट्टी दोपहर तीन बजे होने के बाद ही घर जाकर नमाज अदा करते हैं। शिक्षकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के हालात में सच जानने के लिए निगाहें प्रशासन की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
