AFG VS NZ: हार के बाद फूटा राशिद खान का गुस्सा, गेंदबाजों पर साधा निशाना, कही ये बड़ी बात
चेन्नई: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दिन (8 फरवरी) न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच चेपॉक स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला गया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन बनाए, लेकिन न्यूजीलैंड ने इस लक्ष्य को 17.5 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। यह हार अफगानिस्तान के लिए बेहद निराशाजनक रही, क्योंकि टी20 इंटरनेशनल में यह पहली बार हुआ जब उनकी टीम 180+ स्कोर बनाने के बावजूद मैच हार गई।
राशिद खान का सख्त रुख
मैच के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान काफी गुस्से और निराशा में नजर आए। उन्होंने इस हार का जिम्मेदार पूरी तरह अपनी गेंदबाजी यूनिट पर डालते हुए कहा: "हम बिल्कुल नहीं चाहते थे कि ऐसा हो, लेकिन यह ऐसी हार है जिससे हमें बहुत कुछ सीखना होगा – खासकर बॉलिंग डिपार्टमेंट में। हमने स्कोरबोर्ड पर एक अच्छा टोटल लगाया था, लेकिन बीच के ओवरों में हमने उन्हें बहुत ज्यादा रन बनाने के मौके दिए। यही वो क्षेत्र है जहां हमें तुरंत सुधार करना होगा।"
राशिद ने आगे कहा, "मुजीब ने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की और बल्लेबाजों ने भी अच्छी शुरुआत दी। लेकिन पावरप्ले के बाद हम सही लेंथ और सही एरिया में गेंद नहीं डाल पाए। हमारे पास प्लान ए और प्लान बी दोनों थे, लेकिन हम उन्हें एग्जीक्यूट नहीं कर पाए। अगर हम स्टंप्स पर और बेहतर लेंथ पर गेंदबाजी करते, तो कीवी बल्लेबाजों के लिए रन बनाना बहुत मुश्किल होता।"
न्यूजीलैंड की शानदार चेज
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 17.5 ओवर में ही काम तमाम कर दिया। टिम सीफर्ट ने 42 गेंदों पर 65 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। अफगान गेंदबाजों की खराब लेंथ और लाइन का फायदा उठाकर कीवी बल्लेबाजों ने लगातार बाउंड्री लगाई।
राशिद खान ने मैच के अंत में कहा, "सभी ने अपना बेस्ट देने की कोशिश की, लेकिन हमें इन गलतियों से सीखना होगा। अगले मैच में हम इन्हें दोहराने नहीं देंगे।"
अफगानिस्तान के लिए यह हार एक बड़ा सबक बन गई है। 180+ स्कोर को डिफेंड न कर पाना उनकी टीम के लिए नया अनुभव रहा, और कप्तान राशिद खान का खुला गुस्सा दिखाता है कि टीम इस हार को हल्के में नहीं ले रही।
