कानपुर : सीके नायडू अंडर 23 में उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ़ को पांच विकेट से हराया
कानपुर। काव्य तेवतिया (99) और अक्षु बाजवा (91 रन और छह विकेट) के पहली पारी में हरफनमौला प्रदर्शन की बदाैलत मेजबान उत्तर प्रदेश ने सीके नायडू अंडर 23 टूर्नामेंट में चंडीगढ़ को पांच विकेट से हरा कर नाकआउट चरण में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा है।
ग्रीनपार्क मैदान पर चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन रविवार को मेजबान टीम ने मुकाबले को आसानी से अपने पक्ष में कर लिया। चंडीगढ़ ने पहली पारी में 170 रन बनाये थे जिसके जवाब में उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 260 रन बना कर 90 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरी पारी में भी चंडीगढ़ ने औसत प्रदर्शन किया और 185 रन पर पूरी टीम पवेलियन लौट गयी।
दुष्यंत थम्मान (45) ने मेहमान टीम के लिये दूसरी पारी में सबसे ज्यादा रन जोड़े जबकि पहली पारी में छह विकेट चटकाने वाले यूपी के अक्षु बाजवा ने मेहमान टीम के दो बल्लेबाजों को चलता किया। उनके अलावा यूपी के स्ट्राइक गेंदबाज विजय कुमार और शुभम मिश्रा ने चार चार विकेट झटके।
106 रनों का विजय लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी उत्तर प्रदेश के चार अहम बल्लेबाज मात्र 29 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे और चंडीगढ़ मुकाबले में वापस लौट आयी थी मगर एक छोर पर डटे ऋतुराज शर्मा (63 नाबाद) ने धैर्य का परिचय दिया और टीम को विजय द्वार पर पहुंचा कर ही दम लिया। उनके साथ कार्तिकेय सिंह 12 रन बनाकर नाबाद लौटे।
चंडीगढ़ के लिये बायें हाथ के गेंदबाज निशंक बिरला का प्रदर्शन हैरतअंगेज रहा। उन्होने पहली पारी में मेहमान टीम के नौ विकेट झटक कर कीर्तिमान स्थापित किया जबकि दूसरी पारी में भी उन्होने 46 रन देकर दो विकेट चटकाये।
