Actor Sunil Thapa: जाने माने नेपाली अभिनेता सुनील थापा का निधन, मनोज वाजपेयी, प्रियंका चोपड़ा ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। नेपाल के जाने माने अभिनेता सुनील थापा का 68 साल की उम्र में निधन हो गया। थापा ने हिट सीरीज 'द फैमिली मैन' और फिल्म 'मेरी कॉम' में अभिनय किया था। नेपाली अखबार 'द काठमांडू पोस्ट' के अनुसार, थापा को राजधानी काठमांडू के थापाथली स्थित नॉर्विक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शंखमूल स्थित अपने अपार्टमेंट में बेहोश पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई और चिकित्सकों को संदेह है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने इंस्टाग्राम पर अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि थापा एक ऐसे मार्गदर्शक थे जिन्होंने उनके जीवन के कठिन दौर में उनका साथ दिया।
अभिनेत्री ने 2014 में आई जीवनी आधारित फिल्म 'मेरी कॉम' में थापा के साथ अभिनय किया था। उन्होंने कहा, ''आप हमेशा मेरे कोच रहेंगे सर। जब मैंने अपने पिता को खोया था, तब आपने मुझे संभाला था। आपने मुझे प्यार दिया और कई मुश्किल दिनों में बिना जाने ही मेरी मदद की। आपका स्नेह के साथ मुझे गले लगाना और आपकी हंसी हमेशा मेरी यादों का हिस्सा रहेंगे।''
अभिनेत्री ने फिल्म के एक वीडियो क्लिप को साझा करते हुए लिखा, ''बहुत कम उम्र में चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाएंगे। मेरे मुश्किल दिनों में मेरा साथ देने के लिए शुक्रिया। सुनील थापा, आपकी आत्मा को शांति मिले। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं आपके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।''
बॉक्सर मेरी कॉम के जीवन पर आधारित इस फिल्म में थापा ने उनके कोच नरजीत सिंह की भूमिका निभाई थी और अपने अभिनय को लेकर उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। फिल्म में चोपड़ा जोनस ने मेरी कॉम का किरदार निभाया था।'' हाल में उन्होंने फिल्म निर्माता जोड़ी राज और डीके की सीरीज 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीजन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें मनोज वाजपेयी मुख्य भूमिका में थे। वाजपेयी ने अपनी 'इंस्टाग्राम स्टोरीज' पर एक पोस्ट में लिखा, ''यह बहुत दुखद है। आपकी आत्मा को शांति मिले। 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीजन की यादें हमेशा आपके कारण मेरे दिल में रहेंगी।''
कई दशकों के अपने करियर में थापा 300 से अधिक नेपाली फिल्मों में नजर आए और वह अधिकतर खलनायक की भूमिका निभाने के लिए जाने जाते थे। उनकी उल्लेखनीय नेपाली फिल्मों में 'गोरखा पलटन', 'शिकारी', 'शिकारी 2', 'पापी मांचे', 'पापी मांचे 2', 'अलझेचा क्यारे पचौरी', 'देवर बाबू' और 'कर्म योद्धा' शामिल हैं। हाल में वह नेपाली फिल्म 'एकलो' में नजर आए थे। थापा ने नेपाली फिल्मों के अलावा कई हिंदी और तमिल एवं भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया था। उन्होंने 1981 में कमल हासन और रति अग्निहोत्री अभिनीत 'एक दूजे के लिए' से हिंदी फिल्म में पदार्पण किया।
