UP Budget Session 2026 : यूपी विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से, सीएम की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा। सत्र से पहले रविवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा के साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सदस्य भी शामिल हुए। बैठक में सदन के सुचारु संचालन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। 

प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 11 फरवरी को पेश करेगी। इस बार बजट का आकार करीब 9 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। सरकार का फोकस प्रदेश के समग्र विकास और आम लोगों की सुविधाओं को मजबूत करने पर रहेगा। खासतौर पर सड़क, पुल, शहरी विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों पर बड़ा खर्च किए जाने की संभावना जताई जा रही है। 

पिछले वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश का बजट 8.08 लाख करोड़ रुपये का था, जो उससे पहले के वर्ष की तुलना में 9.8 प्रतिशत अधिक रहा था। इस बार का बजट उससे भी बड़ा होने की उम्मीद है और इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, सरकार युवाओं के रोजगार, किसानों की सहायता और गरीब व जरूरतमंद वर्ग के लिए संचालित योजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान कर सकती है। 

इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, खाद्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को और मजबूत करने की तैयारी है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। बजट में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य विकास की गति बनाए रखने के साथ-साथ वित्तीय संतुलन को भी कायम रखना है। 

संबंधित समाचार