Meerut News : मेरठ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद, एक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस और ड्रग्स विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गुप्त गोदाम पर छापा मारकर प्रतिबंधित और नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद किया है। जब्त दवाओं की बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने मौके से तुषार गर्ग नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित यह गोदाम बाहर से सामान्य प्रतीत होता था लेकिन भीतर नशे के अवैध कारोबार का पूरा तंत्र संचालित किया जा रहा था। बिना किसी वैध लाइसेंस और रिकॉर्ड के यहां दवाओं का भंडारण किया जाता था और फिर विभिन्न माध्यमों से उनकी सप्लाई की जाती थी। 

मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस और ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात अचानक छापा मारा जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुल गईं। छापेमारी के दौरान कफ सिरप, मानसिक संतुलन को प्रभावित करने वाली गोलियां और तेज दर्द निवारक इंजेक्शन सहित बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद की गईं। 

इनमें अल्प्राजोलम, डायजेपाम, ट्रामाडोल, क्लोनाजेपाम और बुप्रेनोरफिन जैसी दवाएं शामिल हैं। इतनी बड़ी खेप की बरामदगी से स्पष्ट हुआ है कि यह महज स्थानीय स्तर का कारोबार नहीं बल्कि संगठित और व्यापक नेटवर्क का हिस्सा था। अधिकारियों का कहना है कि यदि यह खेप बाजार में पहुंच जाती तो इसके समाज पर गंभीर और खतरनाक दुष्परिणाम हो सकते थे। 

पुलिस का कहना है कि जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इस अवैध कारोबार की जड़ें केवल मेरठ तक सीमित नहीं थीं, बल्कि सप्लाई का नेटवर्क पंजाब और जम्मू से होते हुए विदेशों तक फैला हुआ था। शहर के कुछ मेडिकल स्टोरों तक दवाओं की आपूर्ति किए जाने के संकेत भी मिले हैं। इस धंधे में शामिल एक अन्य साझेदार की भूमिका की जांच जारी है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने रविवार को यहां बताया कि यह कार्रवाई नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में शुरुआती कदम है। आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है और दवाओं के स्रोत, सप्लाई चैन तथा इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और आने वाले दिनों में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाएगी। 

संबंधित समाचार