बाराबंकी : महिला व उसके प्रेमी की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने लगाई थी फांसी, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। विवाहिता व उसके प्रेमी की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने फांसी लगाकर जान दी थी। दो दिन पूर्व युवक के आत्महत्या प्रकरण में पिता ने विवाहिता व उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताते चलें कि गत 30 जनवरी की सुबह घुंघटेर थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में अंकज पुत्र चंद्रकेश का शव पेड़ से लटका मिला था। 

घटना के एक दिन पहले वह निकला लेकिन घर वापस नहीं आया। दूसरे दिन परिजनों ने खोजबीन शुरु की तो वह फांसी के फंदे से लटकता मिला। पिता चंद्रकेश ने पुलिस को बताया कि उसके छोटे पुत्र अंकज यादव को करीब एक वर्ष पूर्व गांव में ही रह रही व दो बच्चों की मां रीता देवी अपने साथ लखनऊ ले गई थी। 

परिजनों के काफी मान-मनौव्वल के एक माह बाद वह अंकज को वापस गांव लाई। आरोप है कि इसके बाद रीता देवी अपने प्रेमी संतोष यादव निवासी तरावां थाना बड्डूपुर के साथ मिलकर अंकज पर शादी करने का लगातार दबाव बनाने लगी। अंकज और उसका परिवार शादी के लिए साफ इनकार कर चुके थे, बावजूद इसके विपक्षियों द्वारा फर्जी शिकायत व धमकियां देकर दबाव बनाया जाता रहा। 

आरोप है कि संतोष यादव ने पचास हजार रुपये की मांग करते हुए विवाह न कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। लगातार मानसिक प्रताड़ना से अंकज मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

संबंधित समाचार