बसपा सरकार में मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी और फूल बाबू सपा में शामिल, अखिलेश यादव ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार में मंत्री रहे दो मुस्लिम कद्दावर नेता-नसीमुद्दीन सिद्दीकी और अनीस अहमद खान उर्फ फूलबाबू ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी (सपा ) ज्वॉइन कर ली है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दोनों नेताओं को सपा की सदस्यता दिलाई। नसीमुद्दीन सिद्दीकी हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हुए हैं।

कभी मायावती सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले नसीमुद्दीन सिद्दीकी मूलरूप से बांदा के निवासी हैं। बसपा सरकार के दौरान उनके पास कई अहम मंत्रालय थे। हालांकि बाद में वह बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पिछले दिनों ही सिद्दीकी ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। तभी से ये कयास लगाए जा रहे थे कि वह साइकिल पर सवार होंगे। रविवार को उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ पार्टी ज्वॉइन कर ली है। 

वहीं, अनीस अहमद खान उर्फ फूलबाबू मूलरूप से पीलीभीत जनपद के रहने वाले हैं। बीसलपुर विधानसभा सीट से नेतृत्व कर चुके फूलबाबू बसपा सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री रहे हैं। पिछले दिनों फूलबाबू ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर पार्टी में शामिल होने का इरादा  जाहिर किया था। रविवार को वह भी पार्टी कार्यालय पहुंचे और नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ सपा में शामिल हो गए हैं। 

नसीमुद्दीन सिद्दीकी और फूलबाबू के साथ आने से सपा का, अपने कोर वोट-मुस्लिम समाज पर पकड़ और मजबूत होना माना जा रहा है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी का बुंदेलखंड में खास प्रभाव माना जाता है। वहीं, पीलीभीत में समाजवादी पार्टी को फूलबाबू के अनुभव का लाभ मिलेगा। यहां पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद के निधन के बाद से सपा लगातार कमजोर होती गई।

संबंधित समाचार