Bareilly: साइंस पार्क और नक्षत्रशाला बीडीए ही बनाएगा...तीन हजार वर्ग मीटर में होगा निर्माण
बरेली, अमृत विचार। बच्चों को सौरमंडल के रहस्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से रामगंगा नगर आवासीय योजना सेक्टर 8 में साइंस पार्क और नक्षत्रशाला की स्थापना की जाएगी। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के प्रस्ताव पर विज्ञान एवं प्रौद्याेगिकी परिषद ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अनुभाग के प्रमुख सचिव ने साइंस पार्क और नक्षत्रशाला का निर्माण कराने के लिए बीडीए को ही कार्यदायी संस्था नामित किया है। अब बीडीए इसका निर्माण करीब 50 करोड़ की लागत से कराएगा। इसके आसपास मैराइन पार्क, स्पेस पार्क और एआई पार्क भी विकसित किए जाएंगे।
बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. मनिकन्डन ए. ने साइंस पार्क एवं नक्षत्रशाला की स्थापना के संबंध में पिछले साल 11 दिसंबर काे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजा था। इससे पहले बीडीए उपाध्यक्ष ने साइंस पार्क एवं नक्षत्रशाला की स्थापना के लिए 47.75 लाख रुपये की प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट भेज प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उसमें परियोजना के अन्तर्गत रामगंगा नगर आवासीय योजना सेक्टर-8 में 5.33 एकड़ भूमि चिन्हित बतायी थी। प्राधिकरण मैराइन पार्क, स्पेस पार्क और एआई पार्क के निर्माण के कार्य शीघ्र आरंभ करने का जिक्र किया। इसी चिन्हित भूमि में से 3000 वर्ग मीटर की भूमि पर साइंस पार्क एवं नक्षत्रशाला के निर्माण करने की बात कही।
इधर, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अनुभाग के प्रमुख सचिव पनधारी यादव ने प्रस्तावित परियोजना के लिए वर्ष 2025-26 में साइंस पार्क व नक्षत्रशाला की स्थापना'' के अन्तर्गत एक मुश्त 50 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। इसके बाद कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रदेश सरकार से स्वीकृत विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए शासकीय संस्थाओं में लोक निर्माण विभाग, राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (उप्र जल निगम), ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग, समाज कल्याण निर्माण निगम लि., उप्र आवास एवं विकास परिषद, उप्र प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड, उप्र विधायन एवं निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड कार्यदायी संस्था नामित हैं। पूर्व में जारी शासनादेश में प्रदेश के प्राधिकरणों को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित नहीं किया है।
इसलिए बीडीए को ही निर्माण की जिम्मेदारी मिली
- प्रमुख सचिव ने आदेश में कहा है कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अधीन विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला की स्थापना करने के लिए भूमि प्राधिकरण के पास उपलब्ध है। प्राधिकरण की भूमि पर अन्य कार्यदायी संस्थाओं से कार्य कराने में दिक्कत होती है, जबकि प्राधिकरण के माध्यम से कार्य कराने में सुगमता और समय की बचत होगी। प्राधिकरण के पास निर्माण, योजनाओं को लागू करने के लिए पहले से पर्याप्त तकनीकी स्टाफ व अन्य आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध रहते हैं। इस दृष्टि से प्रस्तावित साइंस पार्क एवं नक्षत्रशाला के निर्माण के लिए बरेली विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था नामित किया है। मंत्रिपरिषद की बैठक में 29 जनवरी को बरेली विकास प्राधिकरण को 3000 वर्ग मीटर भूमि पर विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला के निर्माण करने के लिए कार्यदायी संस्था नामित करने का निर्णय लिया गया।
