Moradabad: यातायात नियमों की अनदेखी, अभियान भी नहीं कर पा रहे आमजन को जागरूक
मुरादाबाद, अमृत विचार। संभागीय परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई और सख्ती के बाद भी यातायात नियम टूट रहे हैं। यातायात माह में जागरुकता अभियान कार्यक्रम भी लोगों को नियमों के प्रति पूरी तरह जागरूक नहीं कर पा रहे हैं।
रविवार को रामपुर रोड हाईवे पर बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाते लोग नजर आए। चौकी चौराहा क्षेत्र में तैनात यातायात पुलिस के सामने से ही नियमों का उल्लंघन कर वाहन गुजरते रहे। रामपुर रोड के हाईवे पर डग्गामार वाहन क्षमता से अधिक सवारियां भरकर फर्राटा भरते रहे। इसके अलावा शहर की सड़कों सिविल लाइन, कांठ रोड पर ई-रिक्शा में ओवरलोड सवारियों के साथ ही सामान भी ढोए जाते रहे।
सिविल लाइन क्षेत्र में आंबेडकर पार्क और पीली कोठी के फव्वारा चौक और दिल्ली रोड पर पार्श्वनाथ प्लाजा के सामने से बिना हेलमेट और तीन सवारियों बैठा कर बाइक और स्कूटी सवार दौड़ते रहे। यह स्थिति तब है जब फरवरी में यातायात माह के अंतर्गत अभियान चल रहा है।
यातायात प्रभारी मिथलेश कुमार ने बताया कि फरवरी भी यातायात माह में शामिल है। जिले में परीक्षा ड्यूटी को बाहर आए परीक्षार्थियों की भीड़ बढ़ने से कार्रवाई दो दिन कम रही। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर निरंतर कार्रवाई हो रही है। पूरे फरवरी में चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
