बाराबंकी क्राइम न्यूज : फंदे से लटका मिला बैंक मैनेजर की पत्नी का शव, युवक पर विवाहिता के अपहरण का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बे में कोआपरेटिव बैंक मैनेजर की पत्नी का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। शव दिखते ही परिजनों में रोना पिटना मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि घटना की वजह पर अभी पर्दा पड़ा हुआ है। कोतवाली क्षेत्र में पायका मैदान के सामने स्थित एक किराए के मकान में सोमवार दोपहर सनसनी फैल गई। डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक की सूरतगंज शाखा प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह की 35 वर्षीय पत्नी रीमा सिंह ने आत्महत्या कर ली। 

बताया जा रहा कि दोपहर करीब तीन बजे जब उनके दोनों पुत्र अंशू सिंह और आयुष सिंह विद्यालय से घर लौटे तो मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। बच्चों ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर बच्चों ने पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद एक पड़ोसी छत के रास्ते मकान में दाखिल हुआ और सीढ़ी के दरवाजे से नीचे उतरकर कमरे में पहुंचा, जहां रीमा सिंह का शव कुंडे से लटकता मिला। 

यह दृश्य देखते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बड़े बेटे अंशू ने घर का मुख्य दरवाजा खोला। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस और मृतका के पति सुरेंद्र सिंह को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे को चाकू से काटकर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

युवक पर विवाहिता के अपहरण का आरोप

देवा: थाना क्षेत्र में एक विवाहिता घर से नकदी, जेवर आदि लेकर गायब हो गई। परेशान पति ने एक युवक पर चोरी छिपे बातचीत व चैटिंग के बाद उसकी पत्नी को भगा ले जाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार एक गांव वासी युवक ने कोतवाली पुलिस से की गई शिकायत में बताया कि वह काम के सिलसिले में उन्नाव गया हुआ था। इसी दौरान उसकी अनुपस्थिति में 29 जनवरी की रात करीब 9 बजे उसकी पत्नी घर से अचानक गायब हो गई।

पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी घर में रखे नकद 16 हजार रुपये, जेवरात, आधार कार्ड, पैन कार्ड व मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई। पति ने आरोप लगाया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गढ़ी छतैना निवासी शिवम पुत्र लवकुश उसकी पत्नी से चोरी-छिपे बातचीत व चैटिंग करता था और वही उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इस संबंध में शिवम से संपर्क किया तो उसने अपने भाई अमन के साथ मिलकर उसे गालियां और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।

नहर में मिला पांच दिन से गायब अधेड़ का शव 

देवा: घुंघटेर थाना क्षेत्र से लापता अधेड़ का शव नहर में पड़ा मिला। मृतक मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। क्षेत्र के पिण्डसावां गांव निवासी अलाउद्दीन 50 पुत्र आजम अली बीती 27 जनवरी को घर से लापता हो गए थे। लापता होने के बाद उनके कपड़े कुर्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदा नहर के किनारे मिले। इस आधार पर परिजनों ने नहर में कूदने की आशंका जताते हुए कुर्सी थाने में सूचना दर्ज कराई थी।

सोमवार की सुबह अलाउद्दीन का शव देवा कोतवाली क्षेत्र की माती चौकी अंतर्गत किसान पथ के पास नहर में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कुर्सी थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा पूर्व में दी गई सूचना के अनुसार मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के साथ ही पहले भी इस तरह की घटना का प्रयास कर चुका था, जिसे लेकर सूचना दर्ज की गई थी। वहीं माती चौकी प्रभारी अशोक वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

संबंधित समाचार