वाराणसी: प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप, हिरासत में
वाराणसी। वाराणसी में शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप के बाद सोमवार को ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और आरोपित प्रधानाध्यापक को हिरासत में ले लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक कक्षा चार की छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करते थे तथा अशोभनीय टिप्पणी करते थे। इसको लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानाध्यापक को एक कमरे में बंद कर दिया।
सूचना पर पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त (कैंट) नितिन तनेजा, सहायक पुलिस आयुक्त (रोहनिया) संजीव शर्मा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
