Shahjahanpur News: जिंदा को मृत दिखाकर रोकी पेंशन, पीड़ित ने डीएम से लगाई गुहार
शाहजहांपुर, अमृत विचार: ग्राम विकास अधिकारी ने जिंदा को मृत दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन रुकवा दी। जानकारी होने पर पीड़ित डीएम के दरबार में पेश होकर बोला कि साहब मैं तो जिंदा हूं। मुझे मृत दिखाकर पेंशन रोक दी गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मामले की जांच का आदेश दिया।
जांच में वीडीओ दोषी निकले और पीड़ित की बात सही निकली। इसके बाद वीडीओ को निलंबित कर दिया गया है।
जिला विकास अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि तहसील जलालाबाद के ग्राम घटौसा मजरा जेरा रहीमपुर निवासी खुशीराम की वृद्धावस्था पेंशन रुक गई थी। जानकारी करने पर पीड़ित को पता चला कि उसे मृत दिखा दिया गया है। जिस कारण उसे पेंशन नहीं मिल पा रही है।
जानकारी होने के बाद पीड़त जिलाधिकारी से मिला और शिकायती पत्र देकर पूरी बात बताई। पीड़ित ने कहा कि वह जिंदा है और उसे मृत घोषित करते हुए वृद्धावस्था पेंशन रोक दी गई है। उसके खाते में पेंशन का पैसा नहीं पहुंच रहा है। डीएम के आदेश पर मामले की जांच डीडीओ की ओर से की गई।
जांच में पता चला कि सत्यापन सूची में खुशीराम जिंदा है। इसके बाद भी मनमाने ढंग से उसको वीडीओ की ओर से मृत दिखाया गया। वीडीओ प्रतिपाल ने अपने पद का दुरुपयोग किया और घोर लापरवाही भी दिखाई। घोर लापरवाही के चलते आरोपी को ग्राम विकास अधिकारी प्रतिपाल को निलंबित कर दिया गया।
पीड़ित ने जिलाधिकारी के सामने पेश होकर शिकायती पत्र दिया था कि वह जीवित है। इसके बाद भी उसे मृत दिखाकर पेंशन रोकी गई। जांच में पीड़ित बुजुर्ग की बात सही निकली। इसके बाद वीडीओ प्रतिपाल को निलंबित कर दिया गया है---पवन कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी।
यह भी पढ़ें- बरेली: अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 तथा 9 के लिए प्रवेश परीक्षा कल, मंडल में 790 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
