Bada Mangal 2026: टोल फ्री नंबर पर 24 घंटे पहले दें भंडारे की सूचना, बड़े मंगल पर मनाएं ''जीरो वेस्ट भंडारा''
नगर आयुक्त और महापौर ने की भंडारा आयोजकों से अपील
लखनऊ, अमृत विचार : जेष्ठ के मंगलवार पर होने वाले भंडारों की सूचना आयोजक नगर निगम को टोल फ्री नंबर ''1533'' पर 24 घंटे पहले अवश्य दे दें। ''जीरो वेस्ट बड़ा मंगल भंडारा'' मनाएं। ये अपील नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भंडारा आयोजकों से की है।
नगर आयुक्त ने कहा कि लखनऊ में ज्येष्ठ के मंगलवार को भंडारा आयोजन की परंपरा 400 वर्षों से अधिक पुरानी है। आस्था से युक्त इस परंपरा को आगे बढ़ाने में प्लास्टिक और थर्माकोल के उपयोग से बचें। भंडारों में पत्तलों और मिट्टी के कुल्हड़ों का प्रयोग करें, जिससे साथ प्रकृति का संरक्षण हो सके। नगर आयुक्त ने कहा कि आयोजक भंडारा स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सूखे और गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाएं। कोई भी श्रद्धालु भोजन के बाद कूड़ा इधर-उधर न फेंके। उन्होंने कहा कि भंडारा स्थलों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर जागरूकता का संदेश लिखा जाए। “हनुमान जी की सच्ची भक्ति स्वच्छता में है” और “उतना ही लें थाली में, जो न जाए नाली में” जैसे संदेश लोगों को प्रेरित करेंगे और भोजन की बर्बादी को भी रोकेंगे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि भंडारे की सूचना लखनऊ वन ऐप के स्वच्छ जीरो वेस्ट ऑप्शन में जाकर न्यू रिक्वेस्ट पर क्लिक करके भी दी जा सकती है। नगर निगम सफाई और कचरा प्रबंधन में सहयोग करेगा। जलकल विभाग द्वारा भंडार स्थल पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
टोल-फ्री नंबर: 1533
मोबाइल नंबर: 9219902911, 9219902912, 9219902913, 9219902914
जलकल कंट्रोल रूम: 8177054100, 8177054010, 8177054003
लखनऊ स्वच्छता अभियान (जोन 1, 3, 4, 6, 7): 18001234999
लायन एनवायरो (जोन 2, 5, 8): 18002026172
