Moradabad News : दिल्ली बैठक के बाद भाजपा में टिकट के दावेदारों में बढ़ी बेचैनी

अभी तक नाम घोषित न होने से ऊहापोह बरकरार, बैनर-पोस्टर लगाकर छह-सात नेताओं ने जताई है दावेदारी

Moradabad News : दिल्ली बैठक के बाद भाजपा में टिकट के दावेदारों में बढ़ी बेचैनी

मुरादाबाद, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़ने वाले दावेदारों की टकटकी टिकट वितरण पर लगी है। दिल्ली में गुरुवार को हुई पार्टी की उच्चस्तरीय बैठक के बाद तय नामों की घोषणा भले ही नहीं हुई, लेकिन कयास तेज हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर टिकट की दावेदारी नये वर्ष के स्वागत, राम मंदिर में प्रभु श्रीराम के नव विग्रह की स्थापना आदि कार्यक्रमों के लिए शुभकामना संदेश के जरिए ही प्रमुख मार्गों पर होर्डिंग बैनर के माध्यम से शुरू हो गई थी। 

महानगर की प्रमुख सड़कों पर भाजपा के टिकट के दावेदारों की उपस्थिति नये साल के स्वागत से हो गई थी। इसमें दो चिकित्सकों के चेहरे भी उभरकर सामने आए हैं। भले ही यह दोनों नये हैं लेकिन उनके बैनर होर्डिंग्स के कद व संख्या से लोगों में कौतुहल बढ़ गया है। वहीं मुरादाबाद लोकसभा सीट से एक बार जीत हासिल कर चुके पूर्व सांसद और एक राज्यसभा सांसद की दावेदारी भी अहम मानी जा रही है। पार्टी के एक पूर्व जिलाध्यक्ष भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से दावेदारी कर रहे हैं।

गुरुवार को दिल्ली में पार्टी की टिकट वितरण को लेकर हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद सरगर्मी और बढ़ गई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हारी सीटों पर पार्टी के फोकस की सूची में मुरादाबाद भी शामिल है। ऐसे में यहां की सीट पर पार्टी की प्रतिष्ठा और बड़ी है। क्योंकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का यह गृह जनपद है। यहां की सीट की हार और जीत दोनों से बड़ा संदेश जाएगा। हालांकि अभी पार्टी ने टिकट को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं लेकिन दावेदारों की बेचैनी उनकी रातों की नींद उड़ा रही है। 

पार्टी जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि हमारा प्रत्याशी कमल का निशान है। पार्टी की ओर से जिसे भी प्रत्याशी बनाया जाएगा सभी मिलकर उसे बड़े अंतर से चुनाव जिताकर लोकसभा में भेजेंगे। पार्टी अपने कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर जनता के बीच है। केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को पारदर्शिता के साथ मिल रहा है। बूथ जीता-चुनाव जीता के मूलमंत्र पर सभी काम कर रहे हैं।

अब 6 मार्च को समीक्षा बैठक करेंगे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री निशंक
 मुरादाबाद लोकसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को 2-4 मार्च तक प्रवास करना था। लेकिन अब यह कार्यक्रम टल गया है। वह 6 मार्च को आएंगे।  भाजपा के मुरादाबाद सीट के लोकसभा संयोजक डॉ. विशेष गुप्ता ने बताया कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का 2- 4 मार्च तक प्रवास के दौरान शनिवार को लोकसभा की समीक्षा कर अन्य कार्यक्रमों में शामिल होना था।

अब 6 मार्च को बुद्धि विहार स्थित जिला कार्यालय पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच तक पूर्व मुख्यमंत्री लोकसभा के जिला व महानगर अध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी, सह प्रभारी, लोकसभा संयोजक, सहसंयोजक, जिला, मंडल, मोर्चा और लोकसभा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से वह एमआईटी कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, दोपहर 3 बजे कांठ विधानसभा के अगवानपुर में ऐतिहासिक स्थल का भ्रमण करेंगे।

बताया कि मुरादाबाद क्लस्टर में मुरादाबाद लोकसभा, रामपुर, अमरोहा और संभल लोकसभा शामिल हैं। लोकसभा क्षेत्र के मीडिया प्रभारी निमित जायसवाल ने बताया कि 6 मार्च को लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक होगी। इसके बाद पार्टी द्वारा संचालित हो रहे लाभार्थी संपर्क  अभियान, सेल्फ हेल्प ग्रुप अभियान, गांव चलो अभियान की समीक्षा सांसद रमेश पोखरियाल निशंक करेंगे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जिला अस्पताल को चिकित्सकों कमी, कैसे हो मरीजों का इलाज?