हरियाणा शिक्षा बोर्ड: 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित, इतने प्रतिशत पास हुए बच्चे

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने संचालित करवाई गई सीनियर सेकेण्डरी शैक्षिक मुक्त विद्यालय वार्षिक परीक्षा- 2024 का परिणाम मंगलवार को घोषित किया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ वी. पी. यादव ने आज बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम 85.31 फीसदी तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 65.32 फीसदी रहा है। उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षा में 213504 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुये थे, जिनमें से 182136 उत्तीर्ण हुये तथा 6169 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे। इस परीक्षा में 105993 प्रविष्ट छात्राओं में से 93418 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 88.14 रही, जबकि 107511 छात्रों में से 88718 पास हुये, इनकी पास प्रतिशत 82.52 रही। 

इस प्रकार छात्राओं ने छात्रों से 5.62 फीसदी ज्यादा पास प्रतिशतता दर्ज कर बढ़त हासिल की है। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में राजकीय विद्यालयों की पास प्रतिशत 83.35 रही। प्राइवेट विद्यालयों की पास प्रतिशतता 88.12 रही है। इस परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 86.17 रही है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 83.53 रही है। उन्होंने बताया कि पास प्रतिशत में जिला महेंद्रगढ़ टॉप तथा जिला नूंह पायदान पर सबसे नीचे रहा।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि यह परिणाम आज दोपहर बाद से संबंधित विद्यालयों/ संस्थाओं द्वारा बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड द्वारा लॉगिन करते हुए डाउनलोड भी किया जा सकेगा। कोई विद्यालय अगर समय पर परिणाम प्राप्त नहीं करता है। तो इसके लिये वह स्वयं जिम्मेवार होगा।

सीनियर सेकेण्डरी परीक्षा के स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 65.32 प्रतिशत रहा है। इस परीक्षा में 5672 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए, जिनमें से 3705 पास हुये। स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपना अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्मतिथि भरते हुये परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। विद्यालयी परीक्षार्थी भी अपना परिणाम अनुक्रमांक और जन्मतिथि भरते हुए भी देख सकते हैं।

 

संबंधित समाचार