शाहजहांपुर: अवैध निर्माण गिराने गई टीम की व्यापारी और भाजपा नेताओं से नोकझोंक, जेसीबी को मौके से खदेड़ा
अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यापारियों ने किया हंगामा
तिलहर, अमृत विचार। व्यापारी की निर्माणाधीन कथित दो अवैध दुकान और मकान को तोड़ने पहुंची जेसीबी को भाजपा नेता और व्यापारियों ने खदेड़ दिया। उन्होंने कार्रवाई को गलत बताते हुए जमकर हंगामा किया। तहसीलदार जय प्रकाश यादव और ईओ कल्पना शर्मा पर कई गंभीर आरोप लगाए।
इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की अधिकारियों से कई बार नोकझोंक हुई। काफी देर तक चले विवाद के बाद बुधवार देर शाम नौ बजे अधिकारी मौके से बिना कार्रवाई चले आए। बुधवार शाम उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पालिका और राजस्व की टीम पोटरगंज पुरानी गल्ला मंडी में व्यापारी प्रमोद कुमार गुप्ता की निर्माणाधीन दुकानें और भवन को पालिका की जमीन पर बनाए जाने का आरोप लगाते हुए तोड़ने पहुंची।
कुछ दिन पहले ईओ कल्पना शर्मा और तहसीलदार जयप्रकाश यादव ने जमीन को नगर पालिका की आराजी बताते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया था। इसी जमीन को लेकर एडीएम न्यायिक राशिद अली खान बुधवार तहसील पहुंचे। उन्होंने तहसील के कई कर्मचारियों से कागज देखकर जांच पड़ताल की।
इसके बाद बुधवार शाम अधिशासी अधिकारी कल्पना शर्मा और तहसीलदार जयप्रकाश यादव, नायब जगत मोहन जोशी भारी पुलिस बल के साथ प्रमोद गुप्ता की ओर से कराए गए निर्माण को गिराने के लिए जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। इसकी जानकारी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व बार एसोसिएशन तिलहर के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता को लगी तो वह तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए।
उनकी तहसीलदार जयप्रकाश यादव से निर्माणाधीन मकान व दुकान गिराए जाने को लेकर काफी नोकझोंक हुई। भाजपा नेताओं और व्यापारियों ने जेसीबी मशीन चालक को रोक दिया और भवन के पास से खदेड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 30 साल से लगभग 50 मुकदमे व्यापारियों के एसडीएम न्यायालय में चल रहे हैं, जिन पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
देवेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन ने कुछ दिन पहले रोडवेज बस स्टैंड के पास अवैध रूप से एक दुकान का निर्माण करा दिया, जिसमें नगर पालिका का एक बाबू भी लिप्त है। इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता की तहसीलदार जयप्रकाश यादव से जमकर नोकझोंक हुई। उन्होंने तहसीलदार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
व्यापारियों को परेशान व उनका शोषण करने का भी आरोप लगाया। कुछ भाजपा नेताओं ने वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को फोन किया। भाजपा नेता व व्यापारियों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद देर शाम नौ बजे पालिका और राजस्व टीम मौके से चले आई।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: दुष्कर्म के 30 साल बाद दो भाइयों को सजा, डीएनए बना सबूत
