Bareilly News: स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट के 65 काम कागजों में पूरे, धरातल पर फिर भी अटके

अफसरों ने 65 परियोजनाओं पर 930 करोड़ कर डाले खर्च

Bareilly News: स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट के 65 काम कागजों में पूरे, धरातल पर फिर भी अटके

demo image

बरेली, अमृत विचार। कहने को स्मार्ट सिटी की 930 करोड़ लागत की 65 परियोजनाओं को पूरा कर दिया गया है लेकिन इतनी भारी-भरकम धनराशि खर्च होने के बाद शहर कितना स्मार्ट हुआ है, यह शहरवासियों को ही तय करना है। 

वजह यह है कि कई परियोजनाओं को अब तक शुरू नहीं किया जा सका है। कई अधूरी पड़ी हैं और लेटलतीफी की वजह से उनकी कार्यदायी संस्थाओं पर जुर्माना भी लग चुका है। इस बीच स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट फेज- 1 से निकलकर फेज- 2 में जरूर प्रवेश कर गया है।

फेज- 2 में अफसर शहर को और ज्यादा स्मार्ट बनाने में जुटेंगे। इसके लिए करोड़ों की परियोजनाएं कागजों पर उतरनी शुरू हो गई हैं। बरेली को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में 2018 में शामिल किया गया था। पहले फेज के सभी प्रोजेक्ट पूरे करने के दावे के बाद अब प्रदेश में बरेली और आगरा को स्मार्ट सिटी फेज- 2 के लिए चुना गया है। पहले फेज में बजट की कोई कमी न रहने के बावजूद स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की रफ्तार शुरू से काफी धीमी रही। एक तरफ कार्यदायी संस्थाएं पूरी मनमानी से काम करती रहीं तो दूसरी तरफ अफसर भी निगरानी में लगातार ढिलाई दिखाते रहे।

पहले फेज में स्मार्ट सिटी की परियोजनाएं पूरी करने की समयसीमा कई बार बढ़ाने के बाद आखिरी बार दिसंबर 2023 तय की गई थी, लेकिन असल में अब भी कई परियोजनाएं पूरी नहीं हुई हैं। कुछ पूरी होने के बाद भी शुरू नहीं हो पाई हैं।

अधूरा पड़ा है स्काई वाक
पटेल चौक पर 11.18 करोड़ की लागत से ग्रो एवर इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी स्काई वाक का निर्माण कर रही है जिसे 30 नवंबर 2023 को पूरा हो जाना चाहिए था। लोकसभा चुनाव को देखते हुए अफसरों ने इसे समय पर पूरा कराने के लिए पूरा जोर लगाया लेकिन अब भी निर्माण अधूरा पड़ा है। कंपनी पर दो लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बाद भी निर्माण तेज होने के बजाय फिलहाल ठप जैसी स्थिति में है।

अर्बन हाट का नहीं कर पाए टेंडर
विकास भवन रोड पर 170.91 करोड़ रुपये की लागत से अर्बन हाट का निर्माण किया गया है। काम पूरा हो जाने के बाद भी टेंडर नहीं किया जा सका और इस बीच चुनाव आचार संहिता लागू हो गई। फिलहाल अर्बन हाट का भी शहर के लोगों को कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है।

मल्टीलेवल पार्किंग का भी टेंडर नहीं
सड़कों पर गाड़ियों की पार्किंग रोकने के लिए गांधी उद्यान, संजय कम्युनिटी हाल, डीडीपुरम् और कुतुबखाना के पास मोती पार्क में चार मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई हैं लेकिन इनका भी अब तक टेंडर नहीं हो पाया है। इस वजह से अभी कोई भी पार्किंग शुरू नहीं हो पाई है। टेंडर करने के लिए आचार संहिता हटने का इंतजार किया जा रहा है।

ट्रैफिक कंट्रोल पर 180 करोड़ खर्च, फिर भी सुधार नहीं
शहर की ट्रैफिक सुधार के लिए 180 करोड़ के इंटिग्रेटेड कमांड कंट्रोल सिस्टम यानी आई ट्रिपल सी प्रोजेक्ट पर किया गया है। इसको लेकर कई बार सवाल भी खड़े हो चुके है। सिस्टम काम करने के बाद यातायात व्यवस्था में अभी कारगर सुधार नहीं हो पाया है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।

करोड़ों की कई और परियोजनाएं भी फिलहाल सुनने-सुनाने की बातें
गांधी उद्यान में 86 लाख लागत का म्यूजिकल फाउंटेन, अक्षर विहार पर 7.94 करोड़ का लेजर शो और सेटेलाइट तिराहे पर 25 लाख का शी लाउंज नियमित रूप से संचालित नहीं है। गांधी उद्यान में ही करोड़ों की लागत से बनी भूलभुलैया, 7.18 करोड़ लागत का लाइट एंड साउंड शो, करीब छह करोड़ से बने स्मार्ट टॉयलेट और पांच करोड़ से पार्कों का सौंदर्यीकरण को भी अभी जनोपयोगी नहीं बनाया जा सका है। 

इसके अलावा स्मार्ट सिटी के तहत घंटाघर के जीर्णोद्धार पर 87 लाख, सिविल लाइंस में स्मार्ट कियोस्क पर 85 लाख, संजय कम्युनिटी हॉल के सरोवर पर 8.55 करोड़, नगर निगम में लाइब्रेरी पर 7 लाख, मल्टीलेवल पार्किंग पर 15.62 करोड़, ट्यूबवेलों के ऑटोमेशन पर पर 17.89 करोड़. आई ट्रिपल सी पर 163.32 करोड़,अर्बन हाट पर 157.67 करोड़, स्काई वाक पर 11.34 करोड़ और कुतुबखाना पुल पर 105.87 करोड़ का खर्च किया गया है। इनमें से भी गिनी-चुनी परियोजनाओं का लाभ ही शहर को मिल पा रहा है।

स्मार्ट सिटी के पहले फेज के सभी काम पूरे हो चुके है। स्काई वाक और अर्बन हाट को शुरू करने के लिए टेंडर होने है। इसके लिए तीन बार कमेटी की बैठक हो चुकी है। चुनाव बाद यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। - एसके यादव, अपर नगर आयुक्त

ये भी पढे़ं- हेमलता हत्याकांड : पति ही निकला गर्भवती पत्नी का हत्यारा, चरित्र पर शक में दोस्त के साथ मिलकर रची साजिश

 

 

ताजा समाचार

अयोध्या: कृषि विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला
Kanpur के क्राइम ब्रांच का दरोगा CM योगी की कर सकता हत्या...सिरफिरे ने X पर किया पोस्ट, गिरफ्तार, जानें- पूरा मामला
Kanpur: मैली हो रही गंगा! सीसामऊ नाले से फिर गिरा 50 लाख लीटर सीवेज, दो मोटर खराब, जिम्मेदारों ने कहा ये...
जौनपुर में जमीनी विवाद में वृद्ध की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या
LUCKNOW UNIVERSITY: 23 छात्रों का मदरसन कंपनी में हुआ प्लेसमेंट, स्टूडेंट्स को मिला 3 लाख का पैकेज
Kanpur News: बिकने के लिए तैयार अपार्टमेंट सील, KDA ने तेज किया अभियान, अवैध इमारतों व भूखंडों पर की कार्रवाई